15 अक्टूबर तक नैनीताल जिले की सभी सड़कें हों गड्ढामुक्त, डीएम ललित मोहन रयाल ने दिए सख्त निर्देश
त्योहारी सीजन से पहले यातायात दबाव वाले क्षेत्रों में सड़क सुधार को प्राथमिकता, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की नियमित समीक्षा के निर्देश
हल्द्वानी, 25 सितम्बर 2026 (सू.वि.)।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को डीएम कैंप कार्यालय में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था और सड़कों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि 15 अक्टूबर तक जनपद की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करते हुए आवागमन के लिए सुगम और सुरक्षित बनाया जाए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर सड़कों पर मिट्टी जमा है अथवा निर्माण एवं मरम्मत कार्य के कारण सड़क पर मिट्टी आ रही है, वहां तत्काल सफाई और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि वाहन चालकों को परेशानी न हो और दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
डीएम रयाल ने कहा कि त्योहारी सीजन में जनपद में नागरिकों और पर्यटकों की आमद बढ़ने की संभावना है, ऐसे में सड़क एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष रूप से उन स्थानों पर सड़क सुधार कार्यों को प्राथमिकता दी जाए, जहां यातायात का दबाव अधिक रहता है। उन्होंने कहा कि सड़कों की खराब स्थिति के कारण जिले की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ना चाहिए।
ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी
जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ब्लैक स्पॉट, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और अधिक यातायात दबाव वाले स्थानों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा।
हिट एंड रन मामलों में सहायता प्रक्रिया तेज करने के निर्देश
बैठक में हिट एंड रन मामलों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में नियमानुसार मृतकों के परिजनों को मिलने वाली आर्थिक सहायता की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने जनपद के सभी अस्पतालों को भी इस संबंध में आवश्यक जानकारी एवं जागरूकता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि पात्र परिवारों को सहायता प्राप्त करने में अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
डीएम ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सड़क निर्माण एवं रखरखाव से जुड़े विभागों के अभियंताओं को सड़क की गुणवत्ता, जल निकासी, गड्ढों, मिट्टी और अन्य संभावित दुर्घटना कारकों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे।




