फरीदपुर में कानून व्यवस्था को चुनौती: झगड़े के बाद एमएलसी आवास में घुसी भीड़, पुलिस अलर्ट

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

 

फरीदपुर में कानून व्यवस्था को चुनौती: झगड़े के बाद एमएलसी आवास में घुसी भीड़, पुलिस अलर्ट

रिपोर्ट /सत्य प्रकाश 

बरेली/फरीदपुर। कस्बे में बुधवार देर शाम एक मामूली दुकान विवाद उस समय गंभीर रूप ले गया, जब झगड़े के बाद दबंगों की भीड़ सीधे भाजपा के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) कुंवर महाराज सिंह के आवास में घुस गई। विरोध करने पर एमएलसी के मैनेजर के साथ अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के पांच लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

जानकारी के मुताबिक, मोहल्ला फर्रखपुर निवासी पंचम यादव की सब्जी मंडी में मीट की दुकान है, जबकि पास ही गुड्डू अली की कॉस्मेटिक और चूड़ियों की दुकान स्थित है। बुधवार शाम किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। आरोप है कि गुड्डू अली ने अपने कई साथियों को मौके पर बुला लिया।

स्थिति बिगड़ने पर पंचम यादव जान बचाने के लिए करीब आधा किलोमीटर तक दौड़ते हुए एमएलसी कुंवर महाराज सिंह के आवास में घुस गया। उस समय घर में एमएलसी की पत्नी कामिनी सिंह और मैनेजर डिंपल सिंह मौजूद थे। उन्होंने पंचम को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से पकड़ लिया और बाहर ले जाने लगीं।

इसी दौरान गुड्डू अली और उसके साथी भी एमएलसी के आवास में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आवास में घुसने का विरोध करने पर दबंगों ने मैनेजर के साथ अभद्र व्यवहार किया, जिससे घर में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही मैनेजर ने फोन पर एमएलसी को अवगत कराया। उस समय कुंवर महाराज सिंह बरेली में पार्टी संगठन की बैठक में शामिल थे। उन्होंने तत्काल फरीदपुर इंस्पेक्टर को सूचना दी और बैठक छोड़कर आवास के लिए रवाना हो गए। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने मौके से पंचम यादव पक्ष के दो और गुड्डू अली पक्ष के तीन लोगों को हिरासत में लिया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच पुलिस टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

एमएलसी कुंवर महाराज सिंह ने कहा कि उनके आवास की सुरक्षा में सेंध लगना गंभीर मामला है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं, सीओ फरीदपुर संदीप सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और शेष आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई