कैफे में बवाल मचाने वाला ऋषभ ठाकुर कोर्ट में सरेंडर, कचहरी रोड पर खुलेआम घूमने का वीडियो वायरल

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

 

कैफे में बवाल मचाने वाला ऋषभ ठाकुर कोर्ट में सरेंडर, कचहरी रोड पर खुलेआम घूमने का वीडियो वायरल

बरेली। नगर क्षेत्र में नर्सिंग की छात्रा की बर्थडे पार्टी के दौरान कैफे में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने के मामले में फरार चल रहा बजरंग दल का तथाकथित कार्यकर्ता ऋषभ ठाकुर आखिरकार न्यायालय में सरेंडर कर गया। सरेंडर से पहले उसका कचहरी रोड पर खुलेआम घूमते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

बताया जा रहा है कि घटना नगर के एक कैफे की है, जहां नर्सिंग की छात्रा अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन मना रही थी। इसी दौरान ऋषभ ठाकुर अपने कुछ साथियों के साथ कैफे में घुस आया और वहां मौजूद लोगों के साथ जमकर मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान महिलाओं के साथ बदसलूकी की गई और कैफे में तोड़फोड़ भी की गई।

पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन मुख्य आरोपी ऋषभ ठाकुर घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही थी, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ रहा था।

सूत्रों के अनुसार, ऋषभ ठाकुर ने कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित न्यायालय में सरेंडर किया। सरेंडर से ठीक पहले उसका एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें वह अपने साथियों के साथ कचहरी रोड पर बेखौफ घूमता नजर आ रहा है।

वायरल वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जिसे पुलिस लंबे समय से तलाश रही थी, वह खुलेआम शहर में घूमता रहा और अंत में खुद कोर्ट पहुंचकर सरेंडर कर गया। इससे पुलिस की सक्रियता और कार्यशैली पर सवाल उठना लाजिमी है।

फिलहाल न्यायालय की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मामले को लेकर प्रशासन और पुलिस पर लगातार नजर बनी हुई है।

रिपोर्ट — राजेश सिंह

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई