पति की मौत के मामले में कार्रवाई न होने पर महिला का प्रशासन पर गंभीर आरोप, धरना देने की चेतावनी
रिपोर्ट /राजेश सिंह
बरेली। जिले में एक महिला ने अपने पति की मौत के मामले में कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पीड़िता ने नगर मजिस्ट्रेट को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि पुलिस और प्रशासन की लापरवाही के कारण अब तक आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, ग्राम डिंडौरी निवासी लक्ष्मी देवी के पति उदेश की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें 25 सितंबर 2025 को बरेली के सनराइज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। महिला का आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टर और मैनेजर की लापरवाही के कारण 2 अक्टूबर 2025 को उनके पति की मौत हो गई। इस मामले में थाना इज्जतनगर में एफआईआर दर्ज कराई गई थी।
पीड़िता का कहना है कि जांच के दौरान अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही सामने आई और आरोपियों ने इलाज के नाम पर लिए गए पैसे में से 2,70,693 रुपये वापस कर दिए। इसके बावजूद अब तक उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई और न ही गिरफ्तारी हुई है।
महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मोटी रकम लेकर आरोपियों से सांठगांठ कर ली है, जिसके चलते मामले में उचित धाराएं भी नहीं लगाई गईं। पीड़िता ने प्रशासन से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी करने और संबंधित अस्पताल को सील करने की मांग की है।
लक्ष्मी देवी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह 17 मार्च 2026 को सुबह 11 बजे से बरेली के सेठ दामोदर पार्क, कलेक्ट्रेट के पास अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेंगी और तब तक धरने पर बैठी रहेंगी जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती।


