बिजली तार चोर गैंग का भंडाफोड़: पुलिस मुठभेड़ में 6 बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
तीन दिन से वारदात की फिराक में था गैंग, पुलिस ने ट्यूबवेल के पास दबोचा 
रिपोर्ट राजेश सिंह
बरेली। क्योलड़िया थाना पुलिस ने बिजली के तार चोरी करने वाले एक शातिर गैंग का पर्दाफाश करते हुए छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, चोरी किए गए बिजली के तार, ट्रांसफार्मर का तेल, तार काटने के उपकरण, दो वाहन और अन्य सामान बरामद किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
पुलिस के अनुसार 17 जून को प्रभारी निरीक्षक क्योलड़िया अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक गैंग लाल रंग की गाड़ी में सवार होकर अंटगा चांदपुर मजार के पास स्थित भट्टे के आसपास पिछले तीन दिनों से घूम रहा है और बिजली के तार चोरी करने की योजना बना रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने धनौर जागीर पुलिया के आगे घेराबंदी की। वहां एक ट्यूबवेल के पास संदिग्ध वाहन खड़ा दिखाई दिया। पुलिस के पहुंचते ही बदमाशों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन वाहन खेत में फंस गया।
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ आरोपी
पुलिस का कहना है कि घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बावजूद फायरिंग जारी रहने पर पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान आसिफ पुत्र नन्हे निवासी अर्शिया भोज, बहेड़ी के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया।
पांच अन्य आरोपी भी गिरफ्तार
मौके से पुलिस ने मोहम्मद हसीन, इस्तिकार, मुजम्मिल और मोहम्मद रेहान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने नवाबगंज-बरखेड़ा मार्ग पर दूसरी गाड़ी में इंतजार कर रहे गैंग के छठे सदस्य आसिफ पुत्र बसीर अहमद को भी पकड़ लिया।
भारी मात्रा में चोरी का माल और उपकरण बरामद
गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने दो तमंचे, कारतूस, महिंद्रा KUV-100 और बोलेरो वाहन, बिजली के तार काटने के लिए इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरण, बड़ी मात्रा में एल्युमिनियम और तांबे के तार, 33 केवी लाइन के सैकड़ों मीटर बिजली तार, ट्रांसफार्मर का तेल, पांच मोबाइल फोन तथा नकदी बरामद की है।
कई वारदातें कबूलीं
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में हाल ही में हुई दो घटनाओं समेत कई बिजली तार चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब गैंग के आपराधिक इतिहास और अन्य जिलों में की गई चोरी की घटनाओं की जांच कर रही है।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
आसिफ पुत्र नन्हे, निवासी अर्शिया भोज, बहेड़ी (घायल)
मोहम्मद हसीन पुत्र मोहम्मद इजराइल, करमपुर चौधरी, इज्जतनगर
इस्तिकार पुत्र मोहम्मद इस्लाम, आमखेड़ा, जहानाबाद (पीलीभीत)
मुजम्मिल पुत्र शम्सुर अहमद, अर्शिया भोज, बहेड़ी
मोहम्मद रेहान पुत्र तुफैल अहमद, शेखूपुर, बहेड़ी
आसिफ पुत्र बसीर अहमद, मन्डनपुर सुमाली, बहेड़ी
गैंग के पूरे नेटवर्क की जांच शुरू
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि गैंग के अन्य सदस्यों, चोरी के माल की खरीद-फरोख्त करने वालों और विभिन्न क्षेत्रों में की गई वारदातों की भी जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई और चोरी की घटनाओं का खुलासा हो सकता है।


