26 सितंबर को नैनीताल में Red Alert, 27 को Orange Alert; DM ललित मोहन रयाल ने जारी किए हाई अलर्ट के निर्देश

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

26 सितंबर को नैनीताल में Red Alert, 27 को Orange Alert; DM ललित मोहन रयाल ने जारी किए हाई अलर्ट के निर्देश

हल्द्वानी, 25 सितंबर 2026। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 26 सितंबर को नैनीताल जिले में भारी से बहुत भारी तथा कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए Red Alert जारी किया गया है। वहीं 27 सितंबर को गर्जन के साथ आकाशीय बिजली, झोंकेदार हवाओं और अति तीव्र से अत्यंत तीव्र वर्षा की संभावना के चलते Orange Alert जारी किया गया है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मौसम की चेतावनी को देखते हुए अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की है कि नदी-नालों और गधेरों के नजदीक बिल्कुल न जाएं तथा बहुत आवश्यक होने पर ही मौसम की जानकारी लेकर यात्रा करें।

बलियानाला, आलूखेत और किशनपुर पर विशेष निगरानी

डीएम ने बलियानाला, आलूखेत और किशनपुर जैसे अत्यधिक संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। संबंधित विभागों को इन क्षेत्रों में लोगों को नदी-नालों और गधेरों की ओर न जाने के लिए लगातार आगाह करने को कहा गया है।

बारिश में ट्रेकिंग पर रोक के निर्देश

भारी बारिश की संभावना को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सख्ती के निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने कहा कि बरसात की अवधि में ट्रेकिंग की अनुमति न दी जाए, ताकि संभावित हादसों का खतरा कम किया जा सके। असामान्य मौसम और भारी बारिश की चेतावनी के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों के आवागमन पर भी रोक रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सभी विभाग हाई अलर्ट पर

डीएम ने आपदा प्रबंधन-IRS प्रणाली के तहत नामित सभी जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए। NH, PWD, PMGSY और ADB सहित किसी भी मोटर मार्ग के बाधित होने पर उसे तत्काल खुलवाने के निर्देश दिए गए हैं।

राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारी अपने-अपने तैनाती क्षेत्रों में मौजूद रहेंगे। सभी चौकी और थानों को आपदा उपकरणों एवं वायरलेस सेट के साथ हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है। इस अवधि में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का मोबाइल फोन स्विच ऑफ नहीं रहेगा।

सड़कों और संवेदनशील क्षेत्रों पर पहले से तैयारी

अधिकारियों को बरसाती, छाता, टॉर्च, हेलमेट और आवश्यक उपकरण अपने वाहनों में रखने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों के फंसने की स्थिति में खाद्य एवं मेडिकल व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नालियों और कलवर्टों के अवरोध तत्काल हटाने तथा भूस्खलन संवेदनशील मार्गों पर आवश्यक मशीनरी एवं उपकरण पहले से तैनात रखने के निर्देश दिए गए हैं।

आपदा की स्थिति में इन नंबरों पर दें सूचना

जनपद आपदा प्रबंधन/DEOC: 05942-231178, 231179, 231181

टोल फ्री: 1077, 8272080884

राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष/SEOC: 0135-2710335, 0135-2710334

टोल फ्री: 1070

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई