चोरगलिया से लापता तीन बालिकाएं हिमाचल के बद्दी से सकुशल बरामद, SSP डॉ. मंजूनाथ के त्वरित एक्शन से परिजनों को मिली राहत

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

चोरगलिया से लापता तीन बालिकाएं हिमाचल के बद्दी से सकुशल बरामद, SSP डॉ. मंजूनाथ के त्वरित एक्शन से परिजनों को मिली राहत

हल्द्वानी/नैनीताल, 25 सितंबर 2026। चोरगलिया क्षेत्र से लापता हुई तीन बालिकाओं को नैनीताल पुलिस ने तकनीकी निगरानी, CCTV फुटेज और सर्विलांस की मदद से हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की कार्रवाई के बाद तीनों को आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार 18 सितंबर को चोरगलिया निवासी एक व्यक्ति ने सूचना दी थी कि उनकी दो पुत्रियां सुबह करीब 7 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। तलाश के दौरान पता चला कि दोनों स्कूल भी नहीं पहुंची थीं और एक अन्य बालिका भी उनके साथ गई थी। इनमें दो नाबालिग और एक बालिग बालिका शामिल थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चोरगलिया में FIR संख्या 45/2026, धारा 140(3) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। गुमशुदा बालिकाओं की तलाश के लिए सभी थानों और DCRB नैनीताल को सूचना दी गई। RT सेट और सोशल मीडिया के माध्यम से भी सूचना प्रसारित की गई।

SSP ने तत्काल लिया संज्ञान, गठित की विशेष टीम

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए बालिकाओं की सकुशल बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए। एसपी सिटी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा और SOG प्रभारी मोहन सिंह सोन के नेतृत्व में टीम ने लगातार तलाश शुरू की।

पुलिस टीम ने चोरगलिया, हल्द्वानी, काठगोदाम, रुद्रपुर सहित विभिन्न स्थानों के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीनों बालिकाएं एक साथ जाते हुए दिखाई दीं। इसके बाद तकनीकी निगरानी और सर्विलांस के माध्यम से उनकी लोकेशन ट्रेस की गई।

सर्विलांस से मिला सुराग, बद्दी पहुंची पुलिस

लगातार प्रयासों के बाद 24 सितंबर 2026 को पुलिस टीम ने तीनों बालिकाओं को हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में बालिकाओं ने बताया कि वे नौकरी की तलाश में घर से बाहर गई थीं। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान किसी अनहोनी की बात सामने नहीं आई।

बरामदगी के बाद बालिकाओं की काउंसलिंग की गई। नाबालिग बालिकाओं को BNSS की धारा 183 के तहत मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान के लिए प्रस्तुत कराया गया। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

बेटियों के सकुशल घर लौटने की सूचना मिलते ही परिजनों के चेहरों पर खुशी लौट आई। परिजनों ने नैनीताल पुलिस की त्वरित कार्रवाई और लगातार किए गए प्रयासों के लिए पुलिस का आभार जताया।

बरामदगी करने वाली पुलिस टीम

थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा

उ0नि0 गौरव जोशी, थाना लालकुआं

अ0उ0नि0 मनजीत सिंह, थाना चोरगलिया

कानि0 मुस्तफा अंसारी, थाना चोरगलिया

कानि0 भूपेन्द्र ज्येष्ठा, SOG नैनीताल

म0का0 सुमन राणा, थाना चोरगलिया

नैनीताल पुलिस ने कहा कि महिला एवं बालिका सुरक्षा के लिए पुलिस लगातार तत्पर है और गुमशुदा महिलाओं एवं बालिकाओं की तलाश में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई