हल्द्वानी में CM धामी का बड़ा संदेश: विकास और पर्यावरण के संतुलन से आगे बढ़ेगा उत्तराखंड, महिलाओं-युवाओं को सशक्त बनाना प्राथमिकता

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

हल्द्वानी में CM धामी का बड़ा संदेश: विकास और पर्यावरण के संतुलन से आगे बढ़ेगा उत्तराखंड, महिलाओं-युवाओं को सशक्त बनाना प्राथमिकता

हल्द्वानी, 25 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हल्द्वानी में दैनिक जागरण द्वारा आयोजित ‘जागरण विमर्श—उत्तराखण्ड : आशाएं और चुनौतियां’ कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड के विकास, रोजगार, पर्यटन, स्थानीय उत्पादों, पर्यावरण संरक्षण और हिमालयी क्षेत्रों की चुनौतियों पर सरकार की प्राथमिकताएं साझा कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास एक निरंतर प्रक्रिया है, लेकिन उत्तराखंड जैसे हिमालयी राज्य में विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि इकोलॉजी और इकॉनमी एक-दूसरे के पूरक होने चाहिए। हिमालयी क्षेत्रों की संवेदनशीलता को देखते हुए विभिन्न क्षेत्रों की धारण क्षमता का वैज्ञानिक आकलन कराया जा रहा है। ग्लेशियरों और ग्लेशियल झीलों की निगरानी एवं वैज्ञानिक सर्वेक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

सीएम धामी ने राज्य की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य गठन के समय लगभग 4 हजार करोड़ रुपये का बजट आज बढ़कर करीब 1.11 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, ऊर्जा, कृषि और उद्यानिकी के क्षेत्र में राज्य ने महत्वपूर्ण प्रगति की है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड तेजी से प्रमुख पर्यटन एवं फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है और पिछले कुछ वर्षों में होम-स्टे की संख्या में करीब 50 प्रतिशत वृद्धि हुई है।

स्थानीय उत्पादों और महिलाओं को मिलेगा बाजार

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ के माध्यम से उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को नई पहचान और बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और बाजार से जोड़कर स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों के लिए 5 लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण की व्यवस्था की गई है।

35 हजार युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

युवाओं के रोजगार को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। अनियमितताओं के मामलों में 100 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में करीब 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति मिली है। युवाओं को सरकारी नौकरी के साथ स्टार्टअप, स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

कुंभ-2027 की तैयारियों पर भी चर्चा

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार कुंभ मेला-2027 की तैयारियों का जिक्र करते हुए कहा कि संत समाज, अखाड़ों, धार्मिक संगठनों और अन्य हितधारकों के सुझावों के आधार पर व्यवस्थाएं तैयार की जा रही हैं। सरकार का लक्ष्य श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए कुंभ का आयोजन सुरक्षित, सुव्यवस्थित, भव्य एवं दिव्य रूप से कराना है।

उन्होंने कहा कि विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। साथ ही विकास की इस यात्रा में उत्तराखंड की संस्कृति, पहचान और देवभूमि की विशिष्टता को संरक्षित रखना भी जरूरी है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, सांसद अजय भट्ट, विधायक बंशीधर भगत, सुरेश गड़िया, शिव अरोरा एवं प्रताप बिष्ट, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, दैनिक जागरण के संपादक विजय सिंह यादव, कार्यकारी संपादक विष्णु त्रिपाठी, राज्य संपादक मनोज झा, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी. सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई