अखिलेश यादव ने फिर जताया भरोसा, मयंक शुक्ला ‘मोंटी’ दोबारा बने समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता
संपादक- धीरेंद्र सिंह (धीरू)
समाजवादी राजनीति की रणनीतिक बिसात में हमेशा सफल साबित होने वाले युवानेता मयंक शुक्ला मोंटी पर एक बार फिर सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपना भरोसा दोहराया है। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें दोबारा समाजवादी पार्टी का प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया है। यह फैसला न सिर्फ संगठन के भीतर उनकी सक्रिय भूमिका का सम्मान है, बल्कि उनके राजनीतिक कौशल और पार्टी के प्रति निष्ठा की पुनः पुष्टि भी है।
मयंक शुक्ला मोंटी का सियासी सफर जिला संगठन से शुरू होकर प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व तक मजबूती से पहुंचा है। लगातार जमीनी कार्य, संगठनात्मक पकड़ और साफ-सुथरी छवि ने उन्हें पार्टी के विश्वसनीय नेताओँ की पहली पंक्ति में खड़ा किया है। वह समाजवादी विचारधारा के प्रखर प्रवक्ता माने जाते हैं और टीवी डिबेट हो या सड़क की राजनीति—हर जगह विपक्ष के सवालों का दमदार जवाब देने के लिए पहचाने जाते हैं।
पार्टी में अपनी पुनर्नियुक्ति के बाद मोंटी भावुक लेकिन दृढ़ दिखाई दिए। उन्होंने कहा—“राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी ने जो भरोसा मुझ पर व्यक्त किया है, उसे मैं पूरी ईमानदारी, निष्ठा और मेहनत से निभाऊंगा। मेरा लक्ष्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और समाजवादी विचारधारा को जनता तक पहुंचाना है। विपक्ष की नकारात्मक राजनीति का जवाब तथ्यों और जनता के मुद्दों के साथ दिया जाएगा।”
मोंटी हमेशा से सामाजिक, सहज और साफ छवि वाले नेता रहे हैं। विभिन्न सामाजिक सरोकारों में उनकी सक्रियता और युवाओं के बीच पकड़ उन्हें विशिष्ट पहचान दिलाती है। उनकी दोबारा नियुक्ति को कार्यकर्ताओं ने भी सकारात्मक संकेत माना है और उम्मीद जताई है कि इससे संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।