हल्द्वानी: सांसद अजय भट्ट ने किया सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ, 268 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
467 लोगों को मिला योजनाओं और सेवाओं का सीधा लाभ, 24 विभागों ने लगाए स्टॉल; 29 सितंबर को भीमताल में लगेगा अगला शिविर
हल्द्वानी, 28 सितंबर 2026।
जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को ब्लॉक सभागार हल्द्वानी में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ सांसद अजय भट्ट ने किया। इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न सुविधाओं और सहायता का लाभ उपलब्ध कराया गया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित शिविर में 24 विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं, प्रमाण-पत्रों, पेंशन, स्वरोजगार, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, पशुपालन, विद्युत, श्रम और अन्य सेवाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
288 शिकायतें पहुंचीं, 268 का मौके पर समाधान
शिविर में आम जनता की ओर से कुल 288 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज कराई गईं। इनमें से 268 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित स्तर पर कार्रवाई के लिए भेजने तथा उनके शीघ्र समाधान के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
महिलाओं को स्वरोजगार के लिए ₹6.15 लाख की सहायता
कार्यक्रम के दौरान रीप परियोजना के तहत 16 महिला लाभार्थियों को कुल ₹6.15 लाख के चेक वितरित किए गए। इनमें 15 महिलाओं को स्वरोजगार के लिए ₹35-35 हजार तथा एक महिला उद्यमी को ₹90 हजार की सहायता प्रदान की गई। इसके अलावा तीन महिलाओं को महालक्ष्मी किट भी वितरित की गईं।
132 लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इस दौरान 132 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों ने अपने-अपने विभाग से जुड़ी योजनाओं एवं सरकारी सुविधाओं की जानकारी आमजन को दी।
विद्युत, समाज कल्याण, कृषि, उद्यान, पशुपालन, श्रम, आयुष और राजस्व सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई।
सांसद अजय भट्ट ने दिए संवेदनशीलता से समस्याएं हल करने के निर्देश
सांसद अजय भट्ट ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम छोर तक सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविर में प्राप्त समस्याओं का केवल पंजीकरण ही न किया जाए, बल्कि उनके समाधान की प्रभावी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।
29 सितंबर को भीमताल में लगेगा शिविर
सेवा संकल्प अभियान के तहत अगला शिविर 29 सितंबर को भीमताल ब्लॉक में आयोजित किया जाएगा। प्रशासन की ओर से क्षेत्रीय लोगों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की गई है।
भास्कर न्यूज24 | जनहित की खबर, आपकी नजर





