विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज: 23 अक्टूबर से EVM-VVPAT की जांच शुरू, 10 से 12 दिन चलेगी FLC प्रक्रिया
हल्द्वानी में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में EVM वेयरहाउस का संयुक्त निरीक्षण, 1541 BU, 2716 CU और 2224 VVPAT की होगी जांच
हल्द्वानी, 21 अक्टूबर 2026। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर नैनीताल जनपद में निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में बुधवार को हल्द्वानी स्थित EVM/VVPAT वेयरहाउस का मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों की मौजूदगी में संयुक्त निरीक्षण किया गया। जनपद में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) आगामी 23 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी।
1541 BU, 2716 CU और 2224 VVPAT की होगी जांच
निर्वाचन विभाग के अनुसार, नैनीताल जनपद में वर्तमान में कुल 1541 बैलेट यूनिट (BU), 2716 कंट्रोल यूनिट (CU) और 2224 वीवीपैट (VVPAT) उपलब्ध हैं। इन सभी मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच निर्धारित प्रक्रिया के तहत की जाएगी। इस कार्य में लगभग 10 से 12 दिन का समय लगने की संभावना है।
राजनीतिक दलों की मौजूदगी में होगी पूरी प्रक्रिया
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी मोनिका ने बताया कि FLC की तैयारियों के लिए बुधवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के समक्ष वेयरहाउस हॉल खोला गया। लंबे समय से बंद रखे जाने वाले हॉल में जांच प्रक्रिया के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जानी हैं। इसके तहत साफ-सफाई, FLC टीम के बैठने की व्यवस्था और अन्य जरूरी तैयारियां पूरी की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि EVM और VVPAT की प्रथम स्तरीय जांच पूरी तरह पारदर्शी तरीके से की जाएगी। यह प्रक्रिया भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (ECIL) के विशेषज्ञ इंजीनियरों की टीम द्वारा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में संपन्न कराई जाएगी।
खराब मशीनों को किया जाएगा रिजेक्ट
FLC के दौरान प्रत्येक मशीन की कार्यक्षमता की बारीकी से जांच की जाएगी। जांच में जो मशीनें खराब पाई जाएंगी, उन्हें तत्काल रिजेक्ट कर दिया जाएगा। निर्वाचन विभाग का उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मशीनों की कार्यक्षमता सुनिश्चित करना और निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाना है।
निरीक्षण में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
EVM/VVPAT वेयरहाउस के संयुक्त निरीक्षण के दौरान निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
भास्कर न्यूज24 | हल्द्वानी, नैनीताल





