तीनपानी फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह, सड़क पर पलटी कार; SSP मंजूनाथ टी.सी. पहुंचे घटनास्थल
हल्द्वानी, 23 अक्टूबर। तीनपानी फ्लाईओवर के पास शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार के चलते एक फोर्ड फिगो कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन संख्या UK 02 A 2544 में चार लोगों के सवार होने की जानकारी सामने आई है।
हादसे की सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को करीब 15:25 बजे कार गोलापुल की ओर से लालकुआं की तरफ जा रही थी। इसी दौरान तीनपानी फ्लाईओवर के पास तेज गति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क पर पलट गई।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह तथा कोतवाली, मुखानी और बनभूलपुरा सहित संबंधित पुलिस टीमों को घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
SSP मंजूनाथ टी.सी. स्वयं पहुंचे घटनास्थल
दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से दुर्घटना के संबंध में जानकारी ली। साथ ही, आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को तत्परता से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल
एसएसपी नैनीताल ने दुर्घटना में घायल व्यक्तियों का हाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना और उपचार के संबंध में जानकारी ली। दुर्घटना के संबंध में नैनीताल पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
SSP की अभिभावकों और युवाओं से अपील
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने अभिभावकों और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभिभावक अपने नाबालिग बच्चों को वाहन न दें। वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें और वाहन पर नियंत्रण बनाए रखें।
पुलिस की अपील है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से बचें। आपकी थोड़ी-सी सतर्कता किसी की जिंदगी बचा सकती है।





