UP के मदरसों में भी शीतकालीन अवकाश घोषित, 1 से 10 जनवरी तक रहेंगे बंद
भास्कर न्यूज24/न्यूज़ एजेंसी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड को देखते हुए स्कूलों के बाद अब प्रदेश के मदरसों में भी शीतकालीन अवकाश घोषित कर दिया गया है। मदरसा शिक्षा परिषद ने आदेश जारी करते हुए सभी मान्यता प्राप्त मदरसों को 1 जनवरी से 10 जनवरी 2026 तक बंद रखने का निर्णय लिया है। इस दौरान कुल 10 दिन का शीतकालीन अवकाश रहेगा।
प्रदेश में वर्तमान में 16,460 मान्यता प्राप्त मदरसे संचालित हैं, जिनमें पढ़ने वाले लाखों छात्रों और शिक्षकों को इस फैसले से राहत मिली है। परिषद के अनुसार, छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
इसके साथ ही साल 2026 की पूरी अवकाश तालिका भी जारी कर दी गई है। जारी कैलेंडर के मुताबिक—
रमजान माह में 33 दिन का वार्षिक अवकाश रहेगा।
वार्षिक अवकाश 16 फरवरी से 30 मार्च तक निर्धारित किया गया है।
ईद-उल-फित्र पर 4 दिन और ईद-उल-अजहा पर 5 दिन की छुट्टी रहेगी।
राष्ट्रीय पर्वों पर शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा, लेकिन कार्यक्रमों में उपस्थिति अनिवार्य होगी।
मदरसों में साप्ताहिक अवकाश शुक्रवार को रहेगा।
मदरसा शिक्षा परिषद के इस फैसले से प्रदेश भर के मदरसों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने राहत की सांस ली है, वहीं प्रबंधन को भी आगामी शैक्षणिक सत्र की बेहतर योजना बनाने में सुविधा मिलेगी।
