VC के जरिए अन्नपूर्णा भवनों की समीक्षा, हर ब्लॉक में 15 भवनों के लिए स्थल चयन के निर्देश
सीडीओ देवयानी यादव ने अधिकारियों के साथ की विस्तृत बैठक
रिपोर्ट राजेश सिंह
बरेली, 21 मई। मुख्य विकास अधिकारी देवयानी यादव ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से डीएसओ, डीसी मनरेगा, सभी बीडीओ और एडीओ(पी) के साथ अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण एवं चिन्हीकरण की विकासखंडवार विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विकासखंडों में प्रस्तावित अन्नपूर्णा भवनों की प्रगति, भूमि चयन और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर विस्तार से चर्चा की गई।
सीडीओ ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक विकासखंड में कम से कम 15 अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण हेतु उपयुक्त स्थलों का चयन तत्काल किया जाए। उन्होंने कहा कि चयनित स्थल ऐसे हों जहां बिजली, पेयजल और जल निकासी की समुचित व्यवस्था उपलब्ध हो, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि चयनित स्थलों की फोटो, लोकेशन, लॉन्गिट्यूड और लैटीट्यूड सहित पूरी जानकारी समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाए। सीडीओ ने कहा कि अन्नपूर्णा भवन योजना सरकार की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश भी दिए। VC के दौरान संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया गया।


