आंधी बनी आफत: टीनशेड संग हवा में उड़ा युवक, बरेली के बमियाना गांव का रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो वायरल
तेज तूफान ने मचाई तबाही, कई पेड़ और टीनशेड उखड़े
रिपोर्ट राजेश सिंह
बरेली में बुधवार शाम अचानक बदले मौसम ने भारी तबाही मचा दी। तेज आंधी, धूलभरी हवाओं और तूफानी झोंकों ने शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। कई जगह पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर पड़े, जबकि कमजोर निर्माण और टीनशेड भी हवा के सामने टिक नहीं सके। इसी दौरान भमोरा थाना क्षेत्र के बमियाना गांव से एक बेहद दर्दनाक और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
टीनशेड पकड़कर बचने की कोशिश पड़ी भारी
जानकारी के अनुसार बमियाना गांव निवासी नन्हे मियां बुधवार शाम करीब पांच बजे गांव के एक बारातघर के पास मौजूद था। तभी अचानक तेज तूफान शुरू हो गया। खुद को बचाने के लिए युवक ने पास लगे टीनशेड को पकड़ लिया, लेकिन कुछ ही सेकंड में तेज हवाओं ने पूरा टीनशेड उखाड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हवा का दबाव इतना तेज था कि युवक टीनशेड के साथ कई फीट ऊपर तक उछल गया और फिर दूर जाकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना देखकर आसपास मौजूद लोगों के होश उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं और कई हड्डियां टूटने की बात सामने आ रही है। ग्रामीणों ने तुरंत उसे उठाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर उसकी हालत गंभीर बता रहे हैं।
वीडियो देखकर सहमे लोग
घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोग दहशत में हैं। वीडियो में तेज हवाओं के बीच टीनशेड के उड़ने और युवक के उसके साथ हवा में जाने का दृश्य साफ दिखाई दे रहा है। सोशल मीडिया पर लोग इसे कुदरत का खौफनाक मंजर बता रहे हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी के बीच सतर्क रहने की अपील
आंधी और खराब मौसम के बाद प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, कमजोर टीनशेड और पेड़ों के आसपास खड़े न होने की अपील की है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी तेज हवाओं से नुकसान की खबरें सामने आ रही हैं।
