इज्जतनगर गौकशी कांड में एसएसपी अनुराग आर्या की दोहरी कार्रवाई – मुठभेड़ से 3 आरोपी गिरफ्तार, 7 पुलिसकर्मी सस्पेंड
रिपोर्ट /राजेश सिंह
बरेली ।जिले के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में 21 और 22 मार्च 2026 को ग्राम फरीदापुर चौधरी के पास नाले में प्लास्टिक के बोरे में गौवंशीय पशुओं के अवशेष बरामद होने से सनसनी फैल गई। पशु चिकित्सक ने अवशेषों के नमूने लिए, जिसके बाद थाने पर धारा 3/8 गौवध निवारण अधिनियम के तहत मु0अ0स0 230/26 दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्या ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन विशेष टीमों का गठन कर अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
मुठभेड़ में तीनों आरोपी धराए
23 मार्च 2026 की रात्रि को इज्जतनगर पुलिस मुखबिर सूचना पर सिद्धार्थ नगर केन्द्रीय विद्यालय के निकट ग्राउंड के पास दबिश दे रही थी। बाइक पर सवार तीन संदिग्धों को चेकिंग के लिए रोका तो उन्होंने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। इस हमले में कांस्टेबल राहुल कुमार (नंबर 816) घायल हो गए। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें तीनों अभियुक्त पैर में गोली लगने से घायल हो गिरफ्तार हो गए:
असलम पुत्र अब्दुल, निवासी फरीदापुर चौधरी, थाना इज्जतनगर
जीशान पुत्र असलम (उम्र 26 वर्ष), निवासी फरीदापुर चौधरी
नासिर पुत्र रहमतुल्लाह (उम्र 30 वर्ष), निवासी परतापुर चौधरी
अभियुक्तों के कब्जे से 03 अवैध तमंचे (315 बोर), 03 जिंदा कारतूस, 06 खोखा कारतूस, गौकशी के उपकरण, 01 स्प्लेंडर बाइक और 02 मोबाइल फोन बरामद हुए। फायरिंग के लिए अलग अभियोग दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई जारी है। असलम के खिलाफ पूर्व में गौवध व आर्म्स एक्ट के 05 मामले दर्ज हैं, जबकि अन्य का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा। सभी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस लापरवाही पर एसएसपी का सख्त एक्शन
गौकशी रोकने में नाकामी पर एसएसपी अनुराग आर्या ने कड़ा रुख अपनाते हुए वैरियर वन चौकी इंचार्ज उमेश कुमार राय और कर्मचारीनगर चौकी इंचार्ज अमित कुमार समेत कुल 7 पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित कर दिया। 21 मार्च को अवशेष मिलने के बाद नाले की सफाई व गोतस्करों पर कार्रवाई के स्पष्ट निर्देशों की अनदेखी पर विभागीय जांच के आदेश जारी हुए। इलाके में अतिरिक्त दबिशें बढ़ा दी गई हैं।
तीनों आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे गए। पुलिस ने गौकशी नेटवर्क उजागर करने के लिए पूछताछ तेज कर दी है। यह कार्रवाई बरेली में गौ संरक्षण के प्रति प्रशासन की सख्ती को दर्शाती है।
