Tuesday, April 28, 2026
Google search engine
HomeUttar Pradeshइवेंट में जाने की बात कहकर निकली पूजा राणा की नृशंस हत्या,...

इवेंट में जाने की बात कहकर निकली पूजा राणा की नृशंस हत्या, खेत में दफनाया गया शव; प्रेम संबंध और लूट दोनों एंगल पर जांच

इवेंट में जाने की बात कहकर निकली पूजा राणा की नृशंस हत्या, खेत में दफनाया गया शव; प्रेम संबंध और लूट दोनों एंगल पर जांच

रिपोर्ट/राजेश सिंह 

बरेली।

थाना बारादारी क्षेत्र में एक युवती की नृशंस हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आने से पूरे शहर में हड़कंप मच गया है। संजय नगर दुर्गा नगर निवासी 30 वर्षीय पूजा राणा की हत्या कर शव को केसीएमटी कॉलेज के पास एक खेत में दफनाए जाने का खुलासा हुआ है। पुलिस इस मामले में लूट और प्रेम प्रसंग—दोनों एंगल से गहन जांच कर रही है।

मृतका के भाई मनोज राणा के अनुसार, पूजा 12 तारीख को अपनी मां महेंद्र देवी और बहन शालिनी राणा से यह कहकर घर से निकली थी कि वह एक इवेंट में जा रही है। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजन चिंतित हो गए। अगले दिन पिता प्रेम सिंह ने पूजा को फोन किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश की, पर कोई सुराग नहीं मिला। अंततः पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान एक युवक को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी की पहचान रिठौरा निवासी विमल के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पूजा की हत्या कर शव को खेत में गड्ढा खोदकर दफन कर दिया था।

मृतका के पिता प्रेम सिंह ने आरोप लगाया कि पूजा के पास स्कूटी के अलावा तीन अंगूठियां, दो चेन, पेंडेंट और कुंडल थे। उनका कहना है कि आरोपी ने लूट की नीयत से इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया और बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने खेत में खुदाई कर शव बरामद किया। मौके पर पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी।

वहीं पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामला सिर्फ लूट तक सीमित नहीं हो सकता, बल्कि इसके पीछे प्रेम प्रसंग का एंगल भी सामने आ रहा है। आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि इस वारदात में कोई और व्यक्ति शामिल तो नहीं है।

बताया गया कि पूजा राणा दो भाई और दो बहनों में तीसरे नंबर की थी। परिजनों के मुताबिक वह घर से हंसते-मुस्कुराते हुए निकली थी और किसी को अंदेशा नहीं था कि वह फिर कभी लौटकर नहीं आएगी। मां महेंद्र देवी और पिता प्रेम सिंह वर्मा का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments