एक्सक्लूसिव | लखनऊ
उत्तर प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष के रूप में पंकज चौधरी का नाम लगभग तय हो गया है। शनिवार को उन्होंने लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में औपचारिक रूप से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी ने संकेत दे दिया कि संगठन की कमान अब पंकज चौधरी के हाथों में जाने वाली है।
नामांकन के समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं पंकज चौधरी के प्रस्तावक बने, जबकि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी उनके साथ खड़े नजर आए। प्रदेश सरकार के कई मंत्री, सांसद और वरिष्ठ नेता भी भाजपा कार्यालय पहुंच चुके थे, जिससे माहौल पूरी तरह संगठनात्मक शक्ति प्रदर्शन जैसा दिखा।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, चूंकि अध्यक्ष पद के लिए अब तक किसी अन्य दावेदार ने नामांकन नहीं किया है, ऐसे में पंकज चौधरी का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है। औपचारिक घोषणा जल्द ही पार्टी की ओर से की जा सकती है।
पंकज चौधरी वर्तमान में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री हैं और संगठन व सरकार दोनों स्तरों पर उनका लंबा अनुभव रहा है। 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा ने संगठन को मजबूत करने और सामाजिक संतुलन साधने की रणनीति के तहत उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपने का मन बनाया है।
