Home Poltical जेल में बंद मौलाना तौकीर रजा पर जमीन कब्जे और धमकी का...

जेल में बंद मौलाना तौकीर रजा पर जमीन कब्जे और धमकी का गंभीर आरोप, पीड़िता के पिता ने खाया जहर

0
Oplus_0

जेल में बंद मौलाना तौकीर रजा पर जमीन कब्जे और धमकी का गंभीर आरोप, पीड़िता के पिता ने खाया जहर

रिपोर्ट – राजेश सिंह 

बरेली। आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। हाल ही में बवाल प्रकरण में जेल जाने के बाद अब उनके खिलाफ जमीन कब्जाने, हथियार दिखाकर धमकाने और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला दर्ज हुआ है।

इज्जतनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली लाएवा नामक महिला ने मौलाना तौकीर रजा, उनके बहनोई मोहसिन रजा समेत कुल दस लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि उसके वृद्ध और बीमार पिता की जमीन पर जबरन कब्जा करने के लिए आरोपियों ने हथियारों के बल पर दबाव बनाया और जान से मारने की धमकी दी।

घर में घुसकर बदसलूकी और धमकी का आरोप

रिपोर्ट के मुताबिक, मौलाना तौकीर रजा के बहनोई मोहसिन रजा, इकराम बेग और विक्की ने अन्य लोगों के साथ पीड़िता के घर में घुसकर उसके माता-पिता के साथ अभद्रता की और जमीन छोड़ने का दबाव बनाया। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने हथियार दिखाकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

लगातार उत्पीड़न से टूटे पिता, जहर खाकर की आत्महत्या की कोशिश

पीड़िता ने बताया कि पिछले सात वर्षों से उसके पिता तौकीर रजा और उनके कथित गुर्गों के उत्पीड़न का सामना कर रहे थे। दबंगों के भय के कारण वह पहले शिकायत नहीं कर सके। हालिया धमकियों और मानसिक दबाव से टूटकर पीड़िता के पिता ने 11 दिसंबर को जहरीला पदार्थ खा लिया। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, तलाश शुरू

इज्जतनगर थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पहले से जेल में बंद हैं तौकीर रजा

गौरतलब है कि मौलाना तौकीर रजा खां फिलहाल फतेहगढ़ जेल में बंद हैं और उनके खिलाफ यह नया मामला उनकी कानूनी परेशानियों को और बढ़ा सकता है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version