एएमयू कैंपस में सनसनीखेज वारदात, शिक्षक दानिश राव की गोली मारकर हत्या
रिपोर्ट/सत्य प्रकाश
अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) परिसर में गुरुवार रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ABK यूनियन कॉलेज में कार्यरत शिक्षक दानिश राव की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात मौलाना आज़ाद लाइब्रेरी की कैंटीन के पास हुई, जहां शिक्षक अपने साथियों के साथ टहल रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार, दानिश राव खाना खाने के बाद कैंपस में सैर के लिए निकले थे। उनके साथ दो अन्य शिक्षक भी मौजूद थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश मौके पर पहुंचे और अचानक दानिश राव पर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली सीधे उनके सिर में लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद हमलावर फरार हो गए। कैंपस में अफरा-तफरी मच गई और छात्रों व कर्मचारियों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन मौके पर पहुंचा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
