Home Bareilly एकतरफा प्यार में D.El.Ed छात्रा की हत्या, मुठभेड़ के बाद आरोपी अशोक...

एकतरफा प्यार में D.El.Ed छात्रा की हत्या, मुठभेड़ के बाद आरोपी अशोक गिरफ्तार

0

एकतरफा प्यार में D.El.Ed छात्रा की हत्या, मुठभेड़ के बाद आरोपी अशोक गिरफ्तार

रिपोर्ट राजेश सिंह 

बरेली।सीबीगंज इलाके में खेत में मिली D.El.Ed छात्रा नीतू गंगवार की हत्या का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि यह हत्या किसी लूटपाट या गैंगवार का मामला नहीं, बल्कि एकतरफा प्यार में पागल युवक की सनक का नतीजा थी। आरोपी युवक अशोक ने शादी का दबाव बनाते हुए छात्रा की गला दबाकर हत्या कर दी। रविवार रात पुलिस मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी।

शीशगढ़ थाना क्षेत्र के मानपुर गांव निवासी 23 वर्षीय नीतू गंगवार का शव शनिवार को सीबीगंज क्षेत्र में झुमका चौराहे के पास खेत में मिला था। छात्रा के गले पर दुपट्टे के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका जताई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने खुलासे के लिए कई टीमों को लगाया था।

जांच के दौरान पुलिस ने छात्रा की कॉल डिटेल और परीक्षा केंद्र के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान रामपुर जिले के कैमरी थाना क्षेत्र निवासी अशोक का नाम सामने आया। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से नीतू पर शादी का दबाव बना रहा था। घटना वाले दिन दोनों साथ देखे गए थे। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि कहासुनी के दौरान उसने नीतू के दुपट्टे से उसका गला कस दिया।

रविवार रात टियूलिया अंडरपास के पास पुलिस ने आरोपी को घेर लिया। खुद को फंसता देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version