एसपी के चार्ज लेते ही फायरिंग से दहशत, वैवाहिक कार्यक्रम में घुसे दबंग, युवक को लगी गोली
रिपोर्ट/राजेश सिंह
जौनपुर।
जिले में नवागत पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के कार्यभार संभालने के महज दो दिन बाद ही दबंगों ने कानून-व्यवस्था को खुलेआम चुनौती दे दी। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के खानपुर गांव में दबंगों द्वारा की गई अंधाधुंध फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। इस घटना में एक युवक को गोली लग गई, जबकि दूसरे युवक के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसका पैर तोड़ दिया गया।
पीड़ित परिजनों के अनुसार, उनके घर वैवाहिक कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान गांव के ही कुछ दबंग अचानक घर में घुस आए और कई राउंड फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान दीपक सोनकर के पैर में गोली जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, दूसरे युवक के साथ दबंगों ने मारपीट कर उसका पैर तोड़ दिया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गांव में दहशत का माहौल है और लोग सहमे हुए हैं। सूचना मिलते ही सरायख्वाजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना ने एक बार फिर जिले में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।