कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय रॉय पहुँचे मृतक बीएलओ सर्वेश गंगवार के घर
फिरोज खान/यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट/राजेश सिंह
बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के सेवन क्लब में रहने वाले मृतक बीएलओ सर्वेश गंगवार के घर रविवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय रॉय पहुंचे। उन्होंने सर्वेश गंगवार के परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और घटना पर गहरा दुःख जताया। अजय रॉय ने कहा कि चुनाव ड्यूटी के दौरान बीएलओ की मौत की पूर्ण जिम्मेदारी सरकार और चुनाव आयोग की है, क्योंकि चुनाव में तैनात कर्मचारियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य की जिम्मेदारी राज्य की होती है।
परिवार से बातचीत के दौरान अजय रॉय ने मांग की कि मृतक सर्वेश गंगवार के परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए। साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देकर उनके भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि चुनावी ड्यूटी पर लगे कर्मचारियों पर लगातार बढ़ता दबाव और संसाधनों की कमी एक गंभीर मुद्दा है, जिस पर सरकार को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और न्याय दिलाने की हर संभव कोशिश करेगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सर्वेश गंगवार की मौत की पूरी जांच कराई जाए और दोषियों को कठोर कार्रवाई का सामना करना पड़े।
इस दौरान स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर परिवार को सांत्वना दी और आश्वासन दिया कि वे हर कदम पर उनके साथ रहेंगे। प्रदेश अध्यक्ष के दौरे के बाद क्षेत्र में घटना को लेकर राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है। कांग्रेस का कहना है कि यह केवल एक परिवार का मामला नहीं, बल्कि चुनावी व्यवस्थाओं की खामियों को उजागर करने वाली बड़ी घटना है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।


