किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू (टिकैत) का प्रदर्शन, मंडलायुक्त को सौंपा 15 सूत्रीय ज्ञापन
रिपोर्ट /सत्य प्रकाश
बरेली। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारियों और किसानों ने सोमवार को मंडलायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इसके बाद संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी को 15 सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए किसानों से जुड़े कई मुद्दों के समाधान की मांग उठाई।
जिला अध्यक्ष चौधरी सोमवीर सिंह के नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने कहा कि जिले में किसानों को भूमि अधिग्रहण, फसलों के उचित मूल्य, गन्ना भुगतान, आवारा पशुओं और सरकारी योजनाओं से जुड़ी कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
किसानों ने कृषि भूमि के लगातार कम होते क्षेत्रफल पर चिंता जताते हुए कहा कि विकास योजनाओं के नाम पर बड़े पैमाने पर खेती योग्य जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। इसके साथ ही शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बिना अनुमति के अवैध प्लॉटिंग और कॉलोनियां विकसित होने का मुद्दा भी उठाया गया।
ज्ञापन में किसानों ने फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाने और विभिन्न फसलों की सरकारी खरीद सुनिश्चित करने की मांग की। इसके अलावा गेहूं खरीद केंद्रों की संख्या बढ़ाने और किसानों को गांव के पास ही खरीद केंद्र उपलब्ध कराने की बात कही गई, ताकि उन्हें अपनी उपज बेचने में परेशानी न हो।
किसानों ने आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान पर भी चिंता जताई और उन्हें गौशालाओं में भेजने की मांग की। साथ ही बहेड़ी और नवाबगंज चीनी मिलों पर गन्ना भुगतान में देरी का आरोप लगाते हुए लंबित भुगतान जल्द कराने की मांग की।
इस दौरान हाजी एम. इकबाल एडवोकेट, चौधरी सतेंद्र सिंह, चौधरी विजय पाल सिंह, कासिफ रजा, आमिर रजा, सुनील यादव समेत कई किसान मौजूद रहे। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
