को-ऑपरेटिव बैंक कर्मचारियों की संयुक्त आम सभा, 27 जनवरी की पूर्ण हड़ताल पर मंथन
रिपोर्ट/सत्य प्रकाश
बरेली।
को-ऑपरेटिव बैंक स्टाफ एसोसिएशन, जिला यूनिट बरेली एवं को-ऑपरेटिव बैंक इम्प्लाइज यूनियन, बरेली की संयुक्त साधारण आम सभा की बैठक शनिवार को बैंक मुख्यालय के सभागार में आयोजित की गई। बैठक सुबह 10:30 बजे शुरू हुई, जिसमें बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी एवं अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में को-ऑपरेटिव बैंक कर्मचारियों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रमुख मांगों में वेतनमान एवं वेतन पुनरीक्षण, ग्रेच्युटी की अधिकतम सीमा 25 लाख रुपये किए जाने, बैंकों में पर्याप्त स्टाफ की तैनाती, अवकाश के दिनों में जबरन कार्य कराए जाने की समस्या, ऋण योजनाओं की स्वीकृति प्रक्रिया में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयाँ तथा रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती शामिल रहीं।
इसके साथ ही 27 जनवरी 2026 को प्रस्तावित पूर्ण हड़ताल को सफल बनाने को लेकर रणनीति पर भी गहन विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारियों की वर्षों से लंबित मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिससे आंदोलन का रास्ता अपनाना कर्मचारियों की मजबूरी बन गया है।
संयुक्त फोरम की ओर से सभी कर्मचारियों से एकजुटता का परिचय देते हुए समय पर उपस्थित होकर हड़ताल, आंदोलन एवं आगामी बैठकों को सफल बनाने की अपील की गई।
यह जानकारी को-ऑपरेटिव बैंक स्टाफ एसोसिएशन, बरेली के मंत्री मनोज कुमार चतुर्वेदी एवं को-ऑपरेटिव बैंक इम्प्लाइज यूनियन, बरेली के जिला मंत्री सोहन कुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से दी।


