Home Uncategorized जनता की समस्याओं पर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी कांग्रेस :...

जनता की समस्याओं पर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी कांग्रेस : इन्दर पाल आर्य

0

जनता की समस्याओं पर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी कांग्रेस : इन्दर पाल आर्य

सहसंपादक हरीश भाकुनी

बिंदुखत्ता, 5 जुलाई। तिवारी नगर, बिंदुखत्ता में कांग्रेस कार्यकर्ता पवन आर्या के आवास पर जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग, नैनीताल की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष इन्दर पाल आर्य ने की। बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, बूथ सशक्तिकरण, जनसंपर्क अभियान और जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

 

बैठक को संबोधित करते हुए इन्दर पाल आर्य ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं, जर्जर सड़कों, पेयजल संकट और कानून-व्यवस्था जैसी समस्याओं से जूझ रही है, जबकि सरकार इन मुद्दों के समाधान में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लालकुआँ विधानसभा क्षेत्र में पहली ही बारिश ने विकास कार्यों की पोल खोल दी है और कई सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं।

 

उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति समाज के अधिकारों की रक्षा, युवाओं को रोजगार, शिक्षा में समान अवसर और सामाजिक न्याय सुनिश्चित करना कांग्रेस की प्राथमिकता है। कांग्रेस कमजोर एवं वंचित वर्गों की आवाज़ को मजबूती से उठाती रहेगी।

 

प्रदेश सचिव (सोशल मीडिया) विनोद कुमार पिन्नू ने महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड जैसे मामलों में जनता निष्पक्ष और पारदर्शी न्याय की अपेक्षा रखती है। उन्होंने अपराधियों के विरुद्ध सख्त एवं समयबद्ध कार्रवाई की मांग की।

 

प्रदेश उपाध्यक्ष अनुसूचित जाति विभाग राजपाल ने कहा कि अनुसूचित जाति समाज के लिए संचालित कई योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय धरातल पर दिखाई देने वाले कार्यों से ही स्थापित होता है।

 

जिला महासचिव एवं कार्यक्रम संयोजक तारा चंद्र आर्य ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के साथ जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने राम मंदिर से जुड़े किसी भी आर्थिक या प्रशासनिक अनियमितता के आरोपों की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की।

 

बैठक में निर्णय लिया गया कि सड़क, पेयजल, बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा, अनुसूचित जाति समाज के अधिकारों और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर लोकतांत्रिक आंदोलन भी किए जाएंगे।

 

बैठक में प्रदेश सचिव विनोद कुमार पिन्नू, प्रदेश उपाध्यक्ष राजपाल, जिला महासचिव तारा चंद्र आर्य, दीवान राम, पवन आर्या, रामकृष्ण प्रसाद, राजेंद्र प्रसाद, कमला देवी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version