Home Bareilly दंगा आरोपी को बचाने की कोशिश, पुलिस से बदतमीजी कर बनाया दबाव;...

दंगा आरोपी को बचाने की कोशिश, पुलिस से बदतमीजी कर बनाया दबाव; वीडियो वायरल करने की दी धमकी

0

दंगा आरोपी को बचाने की कोशिश, पुलिस से बदतमीजी कर बनाया दबाव; वीडियो वायरल करने की दी धमकी

रिपोर्ट राजेश सिंह 

बरेली। जिले में दंगे के एक नामजद आरोपी को बचाने के लिए साजिश रचने और पुलिस पर दबाव बनाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी के सहयोगियों ने पुलिस से बदतमीजी करते हुए वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और इसमें शामिल लोगों की भूमिका खंगाल रही है।

जानकारी के अनुसार थाना बारादरी में दर्ज मुकदमा संख्या 1146/2025 में वांछित आरोपी सलाउद्दीन की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वह सूफी टोला स्थित अपनी डेरी पर मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन डेरी का मुख्य गेट बाहर से बंद मिला।

पुलिस द्वारा कई बार आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग कर गेट खुलवाया। अंदर मौजूद मोहम्मदउद्दीन ने पूछताछ में बताया कि सलाउद्दीन कुछ देर पहले वहां से निकल गया था और उसी के कहने पर गेट नहीं खोला गया था। इसके बाद पुलिस यह पता लगाने में जुट गई कि आरोपी को फरार कराने में किन लोगों ने मदद की।

इसी बीच मामले ने नया मोड़ तब लिया जब मॉडल टाउन चौकी पर तैनात एक पुलिसकर्मी के मोबाइल पर सुधांशु पाण्डेय उर्फ सैनी का फोन आया। उसने पुलिसकर्मी से बदतमीजी करते हुए कहा कि उसके पास थाने से जुड़ा एक वीडियो है, जो उसे आरोपी के भाई ने भेजा है। उसने धमकी दी कि यदि पुलिसकर्मी उससे मिलने नहीं आए तो वह एक घंटे के भीतर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा।

पुलिस को आशंका है कि आरोपी के परिजन और सहयोगी मिलकर सुनियोजित तरीके से पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ लोग इस पूरे घटनाक्रम में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और संभवतः इससे अनुचित लाभ लेने का प्रयास कर रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जो भी व्यक्ति इस साजिश में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version