नवाबगंज की सियासत में हलचल: पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष के पति डॉ. ताहिर की खुली हिस्ट्रीशीट
14 गंभीर मुकदमों के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, SSP अनुराग आर्य के निर्देश पर कार्रवाई
रिपोर्ट राजेश सिंह
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नवाबगंज नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष शहला के पति डॉ. ताहिर की क्लास-B हिस्ट्रीशीट खोल दी है। इस कार्रवाई के बाद जिले के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक डॉ. ताहिर के खिलाफ हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, रंगदारी, लूट, सरकारी कार्य में बाधा, राजद्रोह और एससी/एसटी एक्ट समेत कुल 14 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। लंबे समय से चले आ रहे आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए हिस्ट्रीशीट खोलने का फैसला लिया गया।
कई गंभीर धाराओं में दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना नवाबगंज में डॉ. ताहिर के खिलाफ अलग-अलग समय पर कई संगीन मामलों में मुकदमे दर्ज हुए हैं। इनमें फर्जी दस्तावेज तैयार करना, मारपीट, रंगदारी मांगना, सरकारी काम में बाधा डालना और धोखाधड़ी जैसे आरोप शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद अब उनकी गतिविधियों, संपर्कों और आवाजाही पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
शादियों को लेकर भी रहे विवादों में
डॉ. ताहिर पूर्व में अपनी निजी जिंदगी और शादियों को लेकर भी चर्चा में रहे हैं। कुछ वर्ष पहले दूसरी शादी को लेकर परिवार के भीतर विवाद सामने आया था, जिसमें पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष और उनकी बेटी से कहासुनी की बातें भी चर्चा में रहीं। मामला उस समय काफी सुर्खियों में आया था।
राजनीतिक रसूख को लेकर भी चर्चाएं
स्थानीय राजनीतिक हलकों में डॉ. ताहिर को समाजवादी पार्टी के एक वरिष्ठ नेता का करीबी माना जाता रहा है। चर्चाएं यह भी हैं कि प्रदेश में पूर्ववर्ती सरकार के दौरान उनका प्रभाव काफी बढ़ गया था। इसी दौरान भाजपा के एक पूर्व जिलाध्यक्ष और उनके परिवार के खिलाफ एक ही दिन में बड़ी संख्या में मुकदमे दर्ज होने का मामला भी चर्चा में रहा था। अब पुलिस पुराने मामलों और आपराधिक इतिहास की भी गहराई से जांच कर रही है।
अपराधियों पर सख्ती जारी रहेगी: SSP अनुराग आर्य
एसएसपी अनुराग आर्य ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में अपराध और दबंगई करने वालों के खिलाफ किसी भी स्तर पर नरमी नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन लोगों का आपराधिक इतिहास लंबा है, उन्हें चिन्हित कर कानूनी दायरे में लाया जाएगा। पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई को जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद बढ़ीं मुश्किलें
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद डॉ. ताहिर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में उनके पुराने मामलों की समीक्षा और निगरानी और तेज की जा सकती है। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर नवाबगंज और बरेली की राजनीति में चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया है।
