प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी से 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का किया शुभारंभ
भास्कर न्यूज24/न्यूज़ एजेंसी
वाराणसी। देवाधिदेव महादेव की प्रिय नगरी वाराणसी में खेल जगत के लिए एक महत्वपूर्ण आयोजन का साक्षी बनी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का औपचारिक शुभारंभ किया। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही देशभर से आए खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. सम्पूर्णानन्द स्पोर्ट्स स्टेडियम, सिगरा, वाराणसी में खेल एवं प्रशिक्षण सुविधाओं का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर वॉलीबॉल खिलाड़ियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया। आयोजन के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के बीच खेलों के विकास को लेकर एक महत्वपूर्ण MoU पर भी हस्ताक्षर किए गए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा, मार्गदर्शन और दूरदर्शी नेतृत्व में देश में खेलों के लिए आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विकास हुआ है। इसका सकारात्मक परिणाम यह है कि आज भारतीय खिलाड़ी ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स और विश्व चैंपियनशिप जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में प्रतिभाग कर रहे हैं और देश का नाम रोशन करते हुए पदक भी जीत रहे हैं।
इस आयोजन को अपना आशीर्वाद देने के लिए प्रधानमंत्री जी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया तथा सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य और शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।