Home Bareilly फर्जी CBI अधिकारी बनकर 50 लाख की फिरौती मांगने वाले गिरोह का...

फर्जी CBI अधिकारी बनकर 50 लाख की फिरौती मांगने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

0

फर्जी CBI अधिकारी बनकर 50 लाख की फिरौती मांगने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

बहेड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अपहरण कर मारपीट और वसूली करने वाले गिरोह का खुलासा

रिपोर्ट राजेश सिंह 

बरेली। बहेड़ी पुलिस ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर एक व्यक्ति का अपहरण करने, मारपीट करने और 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक कार, तीन मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की है। मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

परिचिती का फायदा उठाकर रची गई साजिश

पुलिस के अनुसार, 20 जून 2026 को ग्राम सिमरा निवासी अशफाक अहमद ने बहेड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों ने उनकी कार रोककर जबरन वाहन में बैठा लिया। इसके बाद उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई तथा खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर 50 लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई।

पीड़ित की शिकायत के आधार पर बहेड़ी थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

रात में दबिश देकर तीन आरोपियों को दबोचा

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर 21 जून की रात मुड़िया रोड क्षेत्र में कार्रवाई की। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपहरण और फिरौती की साजिश में शामिल होने की बात स्वीकार की।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पीड़ित को पहले से जानते थे। आर्थिक लाभ कमाने की नीयत से उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अपहरण और वसूली की योजना बनाई थी।

योजना के तहत मुख्य आरोपी ने पीड़ित को बहाने से बहेड़ी बुलाया। रास्ते में पहले से मौजूद अन्य आरोपी भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पीड़ित की कार रोककर उसे जबरन अपने कब्जे में लिया गया। आरोपियों ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर धमकाया, मारपीट की और फिरौती की मांग शुरू कर दी।

डर के माहौल में पीड़ित से नकद और ऑनलाइन माध्यमों से रकम वसूली गई। आरोपियों ने 50 लाख रुपये की मांग की थी, लेकिन तत्काल करीब 78 हजार रुपये विभिन्न माध्यमों से हासिल कर लिए। इसके अलावा मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिए गए।

अन्य लोगों की तलाश जारी

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि घटना में गिरफ्तार आरोपियों के अलावा अन्य व्यक्ति और एक महिला भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस उनकी भूमिका की जांच कर रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने जिन तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें—

जहीर पुत्र सिंगार अहमद निवासी ग्राम सिमरा, थाना बहेड़ी, जनपद बरेली

सतीश अरोरा पुत्र रामचंद्र, निवासी पीपल कॉलोनी, किच्छा, जनपद उधम सिंह नगर

सुमंत यादव पुत्र राजेश यादव, निवासी किच्छा, जनपद उधम सिंह नगर

शामिल हैं।

बरामदगी

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—

घटना में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार

तीन मोबाइल फोन

700 रुपये नकद

बरामद किए हैं।

पुलिस का दावा

बहेड़ी पुलिस का कहना है कि गिरोह लोगों को झांसे में लेकर खुद को केंद्रीय एजेंसियों का अधिकारी बताता था और भय पैदा कर अवैध वसूली करता था। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि मामले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version