
फ़ैज़ाने शाह सकलैन फ़ाउंडेशन की जानिब से रक्तदान शिविर का आयोजन
फिरोज खान भास्कर टुडे
दरगाह शाह शराफ़त मियाँ के पास लाल कोठी में हुआ आयोजन, 100 से अधिक लोगों ने किया रक्तदान
बरेली, 12 अक्टूबर 2025। पीरो मुर्शिद हज़रत शाह मोहम्मद सकलैन मियाँ हुज़ूर अलैहिर्रहमा के यौमे विलादत (जन्मदिन) के मुबारक मौक़े पर फ़ैज़ाने शाह सकलैन फ़ाउंडेशन की ओर से दरगाह शाह शराफ़त मियाँ के पास लाल कोठी में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर आई.एम.ए. ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित हुआ, जिसका उद्देश्य थेलीसिमिया से पीड़ित बच्चों और अन्य जरूरतमंद मरीज़ों की जान बचाने के लिए रक्त एकत्र करना था।
इस सामाजिक पहल में 100 से अधिक लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपना रक्त दान किया। उपस्थित लोगों ने इसे मानवता की सच्ची सेवा बताया और फ़ाउंडेशन के प्रयासों की सराहना की।
फ़ैज़ाने शाह सकलैन फ़ाउंडेशन की जानिब से समाज सेवा के कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। इससे पूर्व फ़ाउंडेशन द्वारा गरीब बेवाओं को सिलाई मशीनें वितरित की गई थीं, वहीं सर्दियों में कंबल और लिहाफ़ वितरण जैसे कार्य भी नियमित रूप से किए जाते हैं। साथ ही, मेडिकल कैंप का आयोजन कर जरूरतमंदों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएँ भी उपलब्ध कराई जाती हैं।
इस रक्तदान शिविर के आयोजन में यावर सकलैनी, अमान सकलैनी, मोहिउद्दीन जीलानी, शारिक सकलैनी, नज़ीफ़ सकलैनी, शरफ़ सकलैनी, अरबाज़ सकलैनी, शाजिम सकलैनी, मुजाहिद सकलैनी, सैयद अरबाज़ सकलैनी, ताज़ीम सकलैनी और असदक़ सकलैनी सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।