फ्रेंचाइजी का झांसा देकर होटल संचालक से 19.44 लाख की ठगी
नोटरी एग्रीमेंट कराकर खाते में मंगाए रुपये, पैसे मांगने पर धमकी देने का आरोप
रिपोर्ट सत्य प्रकाश
बरेली। शहर में होटल फ्रेंचाइजी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो लोगों ने होटल ब्रांड की फ्रेंचाइजी दिलाने का भरोसा देकर होटल संचालक से करीब 19.44 लाख रुपये ले लिए और बाद में न तो फ्रेंचाइजी दी और न ही रकम लौटाई। पीड़ित ने इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार जटवारा, थाना किला निवासी होटल संचालक अंकित अग्रवाल को आगरा निवासी दिनेश कुमार ने एक बड़े होटल ब्रांड की फ्रेंचाइजी दिलाने का प्रस्ताव दिया। भरोसा दिलाने के लिए उसने अंकित की मुलाकात कथित तौर पर होटल कंपनी के सीईओ विलास पवार से कराई। दोनों ने मिलकर फ्रेंचाइजी मिलने पर अच्छा मुनाफा होने का लालच दिया।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने पहले एक नोटरी एग्रीमेंट तैयार कराया और फ्रेंचाइजी की प्रक्रिया शुरू कराने के नाम पर 18 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद जीएसटी और अन्य खर्चों का हवाला देकर 1 लाख 44 हजार रुपये और ले लिए। इस तरह कुल 19 लाख 44 हजार रुपये की रकम आरोपियों ने ले ली।
अंकित अग्रवाल का कहना है कि आरोपियों ने उसे अग्निशमन विभाग और बिजली विभाग से एनओसी समेत अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के लिए कहा। उसने सभी दस्तावेज और औपचारिकताएं समय पर पूरी कर दीं, लेकिन इसके बाद भी फ्रेंचाइजी की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई गई।
काफी समय बीत जाने के बाद जब पीड़ित ने पैसे या फ्रेंचाइजी के बारे में जानकारी मांगी तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। बाद में जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोप है कि उसे गाली-गलौज करते हुए धमकी दी गई और पैसे लौटाने से साफ इंकार कर दिया गया।
पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से की है और आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।


