बरेली पुलिस में बड़ा फेरबदल, 11 निरीक्षक और उपनिरीक्षकों के तबादले
एसएसपी अनुराग आर्य ने जारी किए आदेश, कई अहम थानों की बदली कमान
रिपोर्ट राजेश सिंह
बरेली।अनुराग आर्य ने जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। शनिवार को जारी आदेश में 11 निरीक्षक और उपनिरीक्षकों के तबादले किए गए हैं। कई अहम थानों और शाखाओं में नई तैनाती करते हुए अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस विभाग में हुए इस बदलाव को अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था सुधार और प्रशासनिक संतुलन की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। खास तौर पर शहर कोतवाली, साइबर थाना, भोजीपुरा, फतेहगंज पूर्वी और हाफिजगंज जैसे महत्वपूर्ण थानों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
भोजीपुरा से राजीव कुमार सिंह बने शहर कोतवाल
इस फेरबदल का सबसे चर्चित बदलाव शहर कोतवाली में देखने को मिला। भोजीपुरा थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह को अब शहर कोतवाली की कमान सौंपी गई है। वहीं शहर कोतवाली में तैनात निरीक्षक धनंजय कुमार पाण्डेय को साइबर थाना प्रभारी बनाया गया है। साइबर थाना संभाल रहे निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह को भोजीपुरा थाने की जिम्मेदारी दी गई है।
कई अहम थानों में नई तैनाती
एसएसपी के आदेश के अनुसार किला थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह को आंवला थाने भेजा गया है। रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात उपनिरीक्षक अचल कुमार को किला थाना प्रभारी बनाया गया है।
अपराध शाखा शीशगढ़ में तैनात निरीक्षक राजकुमार सिंह को फतेहगंज पूर्वी का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं फतेहगंज पूर्वी से निरीक्षक संतोष कुमार को हटाकर हाफिजगंज थाना प्रभारी बनाया गया है।
शिकायत प्रकोष्ठ और सर्विलांस सेल में भी बदलाव
हाफिजगंज थाना प्रभारी रहे निरीक्षक प्रवीण कुमार सोलंकी को शिकायत प्रकोष्ठ/आईजीआरएस भेजा गया है। शिकायत प्रकोष्ठ में तैनात निरीक्षक रवि कुमार को मीरगंज थाना प्रभारी बनाया गया है।
मीरगंज प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर को अब सर्विलांस सेल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं फतेहगंज पश्चिमी में तैनात उपनिरीक्षक प्रयागराज सिंह को बहेड़ी थाने में वरिष्ठ उपनिरीक्षक बनाया गया है।
तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश
एसएसपी कार्यालय की ओर से जारी आदेश में सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल नई तैनाती स्थल पर पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करने और अनुपालन रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस विभाग में हुए इस व्यापक फेरबदल को आगामी त्योहारों, कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि नई तैनातियों के जरिए पुलिस प्रशासन थानों की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने की कोशिश में जुटा है।