Home Uttar Pradesh बरेली में आज अकीदत के साथ अदा होगी जुमा-तुल-विदा की नमाज़, शहर...

बरेली में आज अकीदत के साथ अदा होगी जुमा-तुल-विदा की नमाज़, शहर में कड़े सुरक्षा इंतजाम

0

बरेली में आज अकीदत के साथ अदा होगी जुमा-तुल-विदा की नमाज़, शहर में कड़े सुरक्षा इंतजाम

रिपोर्ट /राजेश सिंह 

बरेली। रमज़ान के मुकद्दस महीने का आखिरी जुमा यानी जुमा-तुल-विदा आज शहर भर में पूरी अकीदत और एहतराम के साथ अदा किया जाएगा। बड़ी संख्या में नमाज़ियों के जुटने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। प्रमुख चौराहों, मस्जिदों और दरगाहों के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, जिससे शहर का माहौल सुरक्षा व्यवस्था के बीच छावनी जैसा नजर आ रहा है।

दरगाह आला हज़रत के सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रज़ा खां कादरी ने बताया कि 13 मार्च 2026 को देशभर में जुमा-तुल-विदा की नमाज़ अदा की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि 19 मार्च को ईद का चांद दिखाई देता है तो 20 मार्च को ईद-उल-फितर मनाई जाएगी, जबकि चांद न दिखने की स्थिति में ईद 21 मार्च को मनाई जा सकती है।

मस्जिदों और दरगाहों में तैयारियां पूरी

जुमा-तुल-विदा को लेकर शहर की मस्जिदों और दरगाहों में साफ-सफाई, पेयजल और नमाज़ियों की सहूलियत के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। दरगाह आला हज़रत के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी के अनुसार नमाज़ का सिलसिला दोपहर 12:45 बजे से शुरू होकर शाम 3:30 बजे तक अलग-अलग समय पर आयोजित किया जाएगा, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।

जामा मस्जिद में 1:30 बजे होगी मुख्य नमाज़

किला स्थित ऐतिहासिक जामा मस्जिद में जुमा-तुल-विदा की मुख्य नमाज़ दोपहर 1:30 बजे अदा की जाएगी। इसके अलावा नूरजहां मस्जिद, काकरटोला की छह मीनारा मस्जिद, मलूकपुर की मुफ्ती आज़म हिंद मस्जिद, शाहदाना मुस्तफाई मस्जिद और कादरिया मस्जिद में भी इसी समय नमाज़ अदा की जाएगी।

दोपहर 12:45 बजे से शुरू होगा नमाज़ का सिलसिला

शहर की कई मस्जिदों और खानकाहों में नमाज़ 12:45 बजे से शुरू होगी। इनमें खानकाह-ए-वामिकिया, जसोली की पीराशाह मस्जिद, बालजती की गुरुड़ वाली मस्जिद, कैंट की हाथीखाना मस्जिद और लीची बाग की फैजाने मदीना मस्जिद शामिल हैं। इसके बाद 1 बजे से दरगाह शाह शराफत अली मियां, दरगाह वली मियां, हरी मस्जिद आज़म नगर, मोती मस्जिद कोतवाली और कुतुबखाना की जहानी मस्जिद में नमाज़ अदा की जाएगी।

अलग-अलग समय पर होगी नमाज़

शहर की मिर्जाई मस्जिद, रेलवे जंक्शन की नूरी मस्जिद और कुतुबखाना मस्जिद में 1:45 बजे नमाज़ अदा की जाएगी। वहीं 2 बजे से दरगाह ताजुश्शरिया, शाहदाना वली मस्जिद, बीबी जी मस्जिद और हबीबिया रजविया मस्जिद में नमाज़ होगी। इसके अलावा 2:30 बजे सिविल लाइंस की नोमहला मस्जिद, 2:45 बजे गढ़या की नूरी मस्जिद, 3 बजे खन्नू मोहल्ला की दादा मियां मस्जिद और 3:15 बजे बुखारपुरा की बुद्ध वाली मस्जिद में नमाज़ अदा की जाएगी।

दरगाह आला हज़रत में 3:30 बजे आखिरी नमाज़

विश्व प्रसिद्ध दरगाह आला हज़रत की रज़ा मस्जिद में जुमा-तुल-विदा की आखिरी नमाज़ शाम 3:30 बजे अदा की जाएगी। इसी समय खानकाह-ए-नियाज़िया सहित शहर की कुछ अन्य मस्जिदों में भी नमाज़ का आयोजन होगा।

हजारों नमाज़ियों के पहुंचने की उम्मीद

जुमा-तुल-विदा के अवसर पर शहर की प्रमुख दरगाहों और मस्जिदों में हजारों नमाज़ियों के पहुंचने की उम्मीद है। प्रशासन और मस्जिद कमेटियों की ओर से सुरक्षा, ट्रैफिक नियंत्रण और नमाज़ियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

आखिरी जुमे पर होगी खास दुआ

रमज़ान के इस आखिरी जुमे पर मुसलमान अल्लाह की इबादत, दुआ और सदक़ा-खैरात के जरिए पूरे महीने की इबादत को मुकम्मल करने की कोशिश करते हैं। साथ ही देश में अमन-चैन और खुशहाली के लिए भी विशेष दुआ की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version