बरेली में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, कई थानों के प्रभारी बदले
रिपोर्ट राजेश सिंह
बरेली। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस प्रशासन की ओर से जारी आदेश के तहत निरीक्षक और उपनिरीक्षक स्तर के कई अधिकारियों के तबादले करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक धनंजय कुमार पांडे को बारादरी थाना प्रभारी से हटाकर शहर कोतवाली का प्रभारी बनाया गया है। वहीं सुरेश चन्द्र गौतम को कोतवाली से इज्जतनगर थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा बिजेंद्र सिंह को इज्जतनगर से बारादरी थाना प्रभारी बनाया गया है।
इसी क्रम में संजय कुमार धीर को क्राइम ब्रांच इन्वेस्टिगेशन विंग से कैण्ट थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि राजेश कुमार को कैण्ट से क्राइम ब्रांच इन्वेस्टिगेशन विंग भेजा गया है। हरेन्द्र सिंह को शीशगढ़ से साइबर सेल का प्रभारी बनाया गया है और जितेंद्र सिंह को सुभाषनगर से शीशगढ़ का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है।
सुभाषनगर थाना में भी बदलाव करते हुए सतीश कुमार को प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। वहीं सुभाष कुमार को किला थाना से रिजर्व पुलिस लाइन्स भेज दिया गया है, क्योंकि उनका गैर जनपद स्थानांतरण प्रस्तावित है।
उपनिरीक्षक स्तर पर भी फेरबदल किया गया है। संतोष कुमार सिंह को एएचटी से किला थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि मनोज कुमार चतुर्वेदी को एएचटी का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा बीनू चौधरी को रिजर्व पुलिस लाइन्स से आंवला का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। कुंवर बहादुर सिंह को आंवला से साइबर थाना भेजा गया है, जबकि दिनेश कुमार शर्मा को साइबर थाना से बहेड़ी का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है।
अन्य तबादलों में पवन कुमार को बहेड़ी से भमौरा, सनी चौधरी को भमौरा से बिथरी चैनपुर थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं राजेश बाबू मिश्रा को विशारतगंज से हटाकर अन्य जिम्मेदारी दी गई है, जबकि चन्द्रप्रकाश शुक्ला को बिथरी चैनपुर से विशारतगंज थाना प्रभारी बनाया गया है।
पुलिस प्रशासन ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे तुरंत अपने नए पद पर कार्यभार ग्रहण करें और इसकी अनुपालन रिपोर्ट आज ही प्रस्तुत करें।
