हिंदी रंगमंच दिवस पर बरेली में रंगकर्मियों का सम्मान, रंगमंच की चुनौतियों पर हुई चर्चा
रिपोर्ट सत्य प्रकाश
बरेली। हिंदी रंगमंच दिवस के अवसर पर ऑल इंडिया कल्चरल एसोसिएशन के तत्वावधान में बीडीए कॉलोनी टिबरीनाथ में कार्यक्रम आयोजित कर वरिष्ठ रंगकर्मियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में रंगमंच के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कलाकारों को सम्मान देकर उनके कार्यों की सराहना की गई।
समारोह में नीलम वर्मा, हरजीत कौर, सुनील धवन, कमल श्रीवास्तव और प्रदीप मिश्रा को रंगमंच के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए संस्था की ओर से सम्मानित किया गया। इस दौरान रंगकर्म की वर्तमान स्थिति और भविष्य की दिशा को लेकर गोष्ठी का भी आयोजन किया गया, जिसमें कलाकारों ने अपने विचार रखे।
महासचिव सुनील धवन ने कहा कि नए प्रेक्षागृहों का किराया अधिक होने से अव्यवसायिक कलाकारों को मंच मिलना कठिन हो गया है। वहीं अध्यक्ष राजीव शर्मा ‘टीटू’ ने कहा कि कलाकारों को रेल किराए में मिलने वाली 75 प्रतिशत छूट बंद होने से कई नाट्य दल प्रतियोगिताओं में हिस्सा नहीं ले पा रहे हैं।
कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. सैयद सिराज ने बताया कि यात्रा रियायत खत्म होने के कारण नाट्य संस्थाओं की भागीदारी कम हो रही है और कई प्रतियोगिताएं अब नाट्य समारोह का रूप लेती जा रही हैं। कलाकारों ने यह भी कहा कि समाज के सक्षम लोगों को रंगमंच के संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए।
रंगकर्मी नीलम वर्मा ने कहा कि नुक्कड़ नाटक के लिए सरकारी सहायता भी काफी सीमित हो गई है, जिससे कलाकारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो रहा है। हरजीत कौर ने कहा कि रंगकर्मियों को पेंशन की व्यवस्था होनी चाहिए और उसका लाभ वास्तविक कलाकारों तक पहुंचना चाहिए।
कार्यक्रम में सोनिया धवन, राजीव शर्मा टीटू, डॉ. सैयद सिराज, देवेंद्र रावत, प्रमोद उपाध्याय और रवि सक्सेना सहित कई रंगकर्मी और कला प्रेमी मौजूद रहे।
