बरेली में बैंक मैनेजर के घर का ताला तोड़कर चोरी की कोशिश, चार नामजद पर एफआईआर दर्ज
रिपोर्ट राजेश सिंह
बरेली। थाना किला क्षेत्र में एक बैंक मैनेजर के घर का ताला तोड़कर चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मढ़ीया पुख्ता निवासी प्रिया पाठक ने थाना किला में दी गई तहरीर में बताया कि उनके पति शिवम पाठक आईसीआईसीआई बैंक की एक शाखा में कार्यरत हैं। 25 नवंबर 2025 की रात करीब एक बजे अज्ञात लोगों ने उनके घर का ताला तोड़ने का प्रयास किया। घटना की जानकारी सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से सामने आई।
पीड़िता के अनुसार, फुटेज में शुभम पाठक, तुपार, नन्हा उर्फ शिवम और दो अन्य अज्ञात व्यक्ति दिखाई दिए, जो आपसी साजिश के तहत घर में घुसने की कोशिश कर रहे थे। शोर होने और पड़ोसियों की हलचल के चलते आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की शिकायत पर थाना किला पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 191(2), 331(4), 305, 352 और 351(3) के तहत मुकदमा संख्या 0010/2026 दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
