Home Bareilly बरेली में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना, बहू की पिटाई से...

बरेली में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना, बहू की पिटाई से आहत सास ने खाया जहर

0
Oplus_0

बरेली में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना, बहू की पिटाई से आहत सास ने खाया जहर

प्रॉपर्टी विवाद में बढ़ा तनाव, वायरल वीडियो के बाद हरकत में आई पुलिस

रिपोर्ट राजेश सिंह 

बरेली में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। किला थाना क्षेत्र के मलूकपुर इलाके में एक बहू द्वारा अपनी सास की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगा है। मारपीट से आहत होकर महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पीड़ित महिला की पहचान 58 वर्षीय अनुपम रस्तोगी के रूप में हुई है। महिला का आरोप है कि उनका बेटा और बहू लंबे समय से उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। बुधवार को विवाद इतना बढ़ गया कि बहू ने उनके साथ मारपीट कर दी। इस घटना से दुखी होकर उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया।

मकान अपने नाम कराने का दबाव

महिला के पति राजीव रस्तोगी ने बताया कि परिवार में काफी समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। उनके अनुसार छोटा बेटा और बहू मकान अपने नाम करवाने का दबाव बना रहे थे। इसी बात को लेकर घर में आए दिन झगड़े होते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार उनके साथ भी अभद्रता और मारपीट की गई थी।

राजीव रस्तोगी का कहना है कि मामले की शिकायत पहले भी पुलिस से की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि अगर समय रहते पुलिस सख्ती दिखाती तो स्थिति इतनी गंभीर नहीं बनती।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। इसी दौरान बहू द्वारा कथित मारपीट का वीडियो किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो तेजी से फैलने के बाद पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हो गया। वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने आरोपी बहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

परिवार सदमे में, कार्रवाई की मांग

जहरीला पदार्थ खाने के बाद अनुपम रस्तोगी की हालत बिगड़ने से परिवार गहरे सदमे में है। पीड़ित परिवार ने बेटे और बहू के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version