बरेली में व्यापारी ने दुकान में लगाई फांसी, परिजनों ने पुलिस पर लगाया प्रताड़ना का आरोप
रिपोर्ट /राजेश सिंह
बरेली। नवाबगंज थाना क्षेत्र में एक हार्डवेयर व्यापारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। व्यापारी ने अपनी दुकान के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार गंगवार कॉलोनी निवासी 50 वर्षीय बुद्धसेन हार्डवेयर का कारोबार करते थे। बुधवार शाम उन्होंने अपनी दुकान के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि रुपये के लेनदेन के एक विवाद को लेकर पुलिस की ओर से लगातार दबाव बनाया जा रहा था। उनका कहना है कि पुलिस द्वारा परिवार के एक सदस्य को थाने ले जाने और फोन पर दबाव बनाने के कारण व्यापारी मानसिक रूप से परेशान हो गए थे। इसी तनाव में उन्होंने यह कदम उठा लिया।
घटना के बाद गंगवार कॉलोनी में आक्रोश का माहौल बन गया। परिजनों ने आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए अंतिम संस्कार से भी इनकार कर दिया। हालात को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
मामले की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं नवाबगंज थाना प्रभारी अरुण श्रीवास्तव का कहना है कि पुलिस ने व्यापारी को थाने बुलाया था, लेकिन इसी बीच उन्होंने आत्महत्या कर ली। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
