बरेली में संपत्ति विवाद बना जानलेवा, पूर्व पार्षद सूर्य प्रकाश गुप्ता की मौत के मामले में भाई गिरफ्तार, दो भतीजे फरार
रिपोर्ट राजेश सिंह
बरेली। किला थाना क्षेत्र के मुरावपुरा में संपत्ति विवाद ने एक परिवार को ऐसी त्रासदी दी, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पूर्व पार्षद एवं कपड़ा कारोबारी सूर्य प्रकाश गुप्ता की तीसरी मंजिल से गिरकर हुई मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए उनके भाई विष्णु गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि नामजद दोनों भतीजे आयुष और कौशिक अभी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार परिवार में पैतृक मकान और संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतक के पुत्र आशुतोष गुप्ता की तहरीर पर दर्ज रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि गुरुवार सुबह विष्णु गुप्ता मकान खाली कराने अथवा चार लाख रुपये देने की मांग को लेकर घर पहुंचे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर विष्णु गुप्ता और उनके बेटों ने सूर्य प्रकाश गुप्ता के साथ मारपीट की और उन्हें तीसरी मंजिल से नीचे धक्का दे दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक के भाई, दोनों भतीजों समेत 10 लोगों के खिलाफ हत्या, साजिश और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विष्णु गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
वहीं घटना के बाद से फरार चल रहे आयुष और कौशिक की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों ने अपने मोबाइल फोन भी बंद कर दिए हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
इस बीच मामले से जुड़ा एक कथित ऑडियो और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें धमकी और अभद्र भाषा के इस्तेमाल का दावा किया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और वायरल सामग्री की जांच कराई जा रही है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा। संपत्ति विवाद में हुई इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जब लालच रिश्तों पर हावी हो जाता है, तो परिवार ही संघर्ष का सबसे बड़ा मैदान बन जाता है।
