बरेली में 3 जून से शुरू होगा हजरत मोती मियां और कोड़ा शाहा बाबा का सालाना उर्स-ए-पाक
उर्स की तैयारियां पूरी, पोस्टर जारी कर कार्यक्रमों की रूपरेखा घोषित
रिपोर्ट सुनील कुमार
बरेली के रामपुर रोड स्थित आनंद विहार कॉलोनी गेट पर स्थित दरगाह हजरत मुर्तजा हुसैन निजामी नियाजी रहमतुल्ला अलैह (मोती मियां) और हजरत गैस अली कोड़ा शाहा बाबा का तीन दिवसीय सालाना उर्स-ए-पाक 3 जून से शुरू होगा। खानकाह-ए-निजामिया के गद्दीनशीन हजरत पाशा मियां निजामी की सरपरस्ती में आयोजित होने वाले इस धार्मिक आयोजन का पोस्टर जारी कर दिया गया है। सिविल लाइंस स्थित सेंट्रल पैलेस शादी हॉल में आयोजित प्रेस वार्ता में उर्स कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
3 जून को गुस्ल शरीफ से होगा उर्स का शुभारंभ
मीडिया प्रभारी वसी अहमद वारसी ने बताया कि उर्स का आगाज 3 जून, मंगलवार को सुबह 10 बजे गुस्ल शरीफ के साथ होगा। दिनभर अकीदतमंद दरगाह पर चादरपोशी और फातिहा पेश करेंगे। शाम 5:30 बजे महफिल-ए-समा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सूफियाना कलाम पेश किए जाएंगे। इसके बाद रंग शरीफ की रस्म अदा होगी और शाम 6:30 बजे हजरत मोती मियां निजामी के कुल शरीफ की फातिहा होगी।
4 जून को मनाया जाएगा कोड़ा शाहा बाबा का उर्स
उर्स के दूसरे दिन 4 जून, बुधवार को फजर की नमाज के बाद कुरानखानी और गुस्ल शरीफ का आयोजन होगा। मजार पर सन्दल पेश किया जाएगा। शाम 5:30 बजे महफिल-ए-समा शुरू होगी और रंग शरीफ के बाद शाम 6:30 बजे हजरत गैस अली कोड़ा शाहा Baba के कुल शरीफ की फातिहा अदा की जाएगी। आयोजकों के अनुसार बड़ी संख्या में जायरीन के शामिल होने की उम्मीद है।
5 जून को तबर्रुकात की खास जियारत कराई जाएगी
उर्स के अंतिम दिन 5 जून, गुरुवार को फजर की नमाज के बाद कुरानखानी होगी। पूरे दिन चादरपोशी और गुलपोशी का सिलसिला जारी रहेगा। इस अवसर पर हजरत पाशा मियां निजामी अपने मुरीदों और अकीदतमंदों को सरकार गौसे आजम के तबर्रुकात की विशेष जियारत कराएंगे। इसके लिए श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखा जा रहा है।
निजामी सेवा ट्रस्ट कमेटी को सौंपी गई जिम्मेदारियां
उर्स के सफल आयोजन के लिए निजामी सेवा ट्रस्ट कमेटी का गठन कर सभी सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। आयोजकों का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
प्रेस वार्ता में मौजूद रहे कई प्रमुख लोग
प्रेस वार्ता में वसी अहमद वारसी, शादाब कुरैशी, रिजवान नियाजी, खुसरो निजामी, शाजेब अली खान, इब्राहिम निजामी, मोहम्मद कासिम कुरैशी, सय्यद आरिफ अली, कामरान हुसैन, अली मियां, फैजान मोइन चिश्ती, असीम नियाजी, अनस नियाजी, अमान हुसैन, फिरोज नियाजी, फैजी निजामी और शाम्मू खान सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
