Home Bareilly बरेली में TET परीक्षा के दौरान फर्जीवाड़े का पर्दाफाश: बायोमैट्रिक जांच में...

बरेली में TET परीक्षा के दौरान फर्जीवाड़े का पर्दाफाश: बायोमैट्रिक जांच में खुली पोल, दो नाम और दो जन्मतिथियों से परीक्षा देने वाला गिरफ्तार

0

बरेली में TET परीक्षा के दौरान फर्जीवाड़े का पर्दाफाश: बायोमैट्रिक जांच में खुली पोल, दो नाम और दो जन्मतिथियों से परीक्षा देने वाला गिरफ्तार

रिपोर्ट सत्य प्रकाश 

बरेली। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET-2026) के दौरान बरेली के साहू गोपीनाथ कॉलेज परीक्षा केंद्र पर दस्तावेजी फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया है। दूसरी पाली की परीक्षा के दौरान बायोमैट्रिक सत्यापन में एक अभ्यर्थी की पहचान संदिग्ध मिलने पर जांच की गई, जिसमें खुलासा हुआ कि वह दो अलग-अलग नामों और जन्मतिथियों का इस्तेमाल कर विभिन्न परीक्षाओं में शामिल हो रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र प्रशासन की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।

जिला प्रशासन के अनुसार बायोमैट्रिक जांच के दौरान परीक्षा दे रहे अभ्यर्थी के दस्तावेजों में विसंगति सामने आई। परीक्षा रिकॉर्ड में उसका नाम मनोज कुमार और जन्मतिथि वर्ष 1986 दर्ज थी, जबकि सत्यापन के दौरान आधार कार्ड पर नाम आदेश कुमार और जन्मतिथि 1996 प्रदर्शित हुई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसका वास्तविक नाम मनोज कुमार है। अधिकारियों का कहना है कि उम्र सीमा पार होने के बाद उसने कथित रूप से आधार कार्ड में नाम और जन्मतिथि बदलवाकर दोबारा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने की कोशिश की।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी मूल रूप से फर्रुखाबाद का रहने वाला है। प्रारंभिक पड़ताल में पता चला है कि उसने अलग-अलग दस्तावेजों का उपयोग कर अपनी पहचान बदलने का प्रयास किया। मनोज कुमार नाम से बीएड की डिग्री हासिल करने की जानकारी मिली है, जबकि आदेश कुमार नाम से अन्य परीक्षाओं में शामिल होने के संकेत मिले हैं। अधिकारियों को आशंका है कि यह पूरा फर्जीवाड़ा केवल सरकारी नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की पात्रता बनाए रखने के उद्देश्य से किया गया।

एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी ने बताया कि परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है। अब पुलिस आधार कार्ड में हुए बदलाव, अन्य शैक्षणिक अभिलेखों और पूर्व में दी गई प्रतियोगी परीक्षाओं की भी जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि कहीं आरोपी ने इसी तरह फर्जी पहचान के सहारे अन्य सरकारी भर्तियों या परीक्षाओं में भी हिस्सा तो नहीं लिया। फिलहाल थाना कोतवाली पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version