बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू दास की हत्या के विरोध में चौकी चौराहा पर अखिल भारत हिन्दू महासभा का प्रदर्शन
रिपोर्ट/सत्य प्रकाश
बरेली।बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू दास की निर्मम हत्या के विरोध में शुक्रवार को अखिल भारत हिन्दू महासभा के तत्वावधान में चौकी चौराहा पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश सरकार की नीतियों के विरोध में प्रतीकात्मक रूप से प्रधानमंत्री का पुतला फांसी पर लटकाया, इसके बाद बांग्लादेश के प्रधानमंत्री यूसुफ का पुतला दहन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने दीपू दास की हत्या के दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर उन्हें कठोरतम दंड दिलाने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि यह घटना बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा स्थिति को लेकर गंभीर चिंता का विषय है।
संगठन ने भारत सरकार से अपील की कि वह कूटनीतिक स्तर पर बांग्लादेश सरकार पर दबाव बनाए, ताकि दोषियों को सजा मिले और वहां रह रहे हिंदुओं की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। साथ ही उत्पीड़न का सामना कर रहे हिंदुओं को मानवीय आधार पर संरक्षण एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं।
कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और किसी प्रकार की कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। प्रदर्शन के उपरांत संगठन की ओर से जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया गया।
इस अवसर पर मण्डल अध्यक्ष पंकज पाठक ने कहा कि जब तक बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार बंद नहीं होते, तब तक अखिल भारत हिन्दू महासभा लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराती रहेगी। उन्होंने बांग्लादेश सरकार से हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग दोहराई।
प्रदर्शन में नंदकिशोर शर्मा, नितेश सक्सेना, रंजीत सैनी, अरुण कुमार, राजेश शर्मा, राजीव शर्मा, पंडित सोनेलाल शर्मा, रामाश्रय शर्मा, मुकेश सागर, छोटा साहू, नकुल, सर्वेश कुमार, शिवनंदन राठौर, विजय राजपूत, कुलदीप जायसवाल, सुबोध वर्मा, राजन बाबू, राहुल पाठक, अशोक कांत, अमर सक्सेना, अभय, धर्मेंद्र सागर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


