बारादरी थाना परिसर में आत्मदाह की कोशिश से मचा हड़कंप
बाइक विवाद से आहत डिलीवरी बॉय ने उठाया खौफनाक कदम, हालत गंभीर
रिपोर्ट /सत्य प्रकाश
बरेली। शहर के बारादरी थाना परिसर में मंगलवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने मुख्य गेट पर पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाई और गंभीर रूप से झुलसे युवक को जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
दो दिनों से थाने के लगा रहा था चक्कर
पुलिस के अनुसार, 32 वर्षीय अक्षय कुमार कश्यप फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र का निवासी है और शहर में रहकर एक निजी कंपनी में डिलीवरी का काम करता है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात गंगापुर इलाके में डिलीवरी के दौरान उसकी बाइक संदिग्ध परिस्थितियों में दूसरे युवक द्वारा ले जाई गई थी, जिसके बाद टक्कर की घटना भी हुई। पुलिस ने जांच के लिए बाइक कब्जे में ले ली थी।
बताया जा रहा है कि युवक पिछले दो दिनों से बाइक छुड़वाने के लिए थाने के चक्कर काट रहा था। पुलिस का कहना है कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही वाहन छोड़ा जा सकता था।
नशे की हालत में पहुंचा था थाने
थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि युवक सोमवार और मंगलवार दोनों दिन नशे की हालत में थाने आया था और बाइक तत्काल छोड़ने का दबाव बना रहा था। उसे समझाया गया था कि मामले में घायल पक्ष की स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही निर्णय लिया जाएगा।
एसएसपी ने मांगी रिपोर्ट
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने पूरे प्रकरण की रिपोर्ट तलब की है। पुलिस द्वारा युवक के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
प्रशासन की अपील
पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि किसी भी कानूनी विवाद में संयम बनाए रखें और आत्मघाती कदम उठाने से बचें। कानून अपने निर्धारित प्रावधानों के तहत ही कार्रवाई करता है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार युवक का उपचार जारी है और चिकित्सक उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए
