माघ मेला का शुभारंभ, पौष पूर्णिमा पर सीएम योगी ने दी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं
भास्कर न्यूज24/ न्यूज़ एजेंसी
प्रयागराज। माघ मेला के शुभारंभ एवं पावन पौष पूर्णिमा के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों और देशभर से आए श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि माघ मेला भारतीय सनातन परंपरा, आस्था और संस्कृति का जीवंत प्रतीक है, जो श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करता है।
सीएम योगी ने तीर्थराज प्रयाग के पवित्र संगम में आस्था की डुबकी लगाने पहुंचे पूज्य साधु-संतों, धर्माचार्यों, सभी अखाड़ों तथा कल्पवासियों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कामना की कि माँ गंगा, माँ यमुना और माँ सरस्वती सभी श्रद्धालुओं के मनोरथ पूर्ण करें और सभी के जीवन में सुख, समृद्धि व शांति का संचार हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार माघ मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि सभी लोग सुरक्षित और श्रद्धापूर्वक इस पावन आयोजन में सहभाग कर सकें।
— योगी आदित्यनाथ, मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश
