मिशन शक्ति’ की गूंज: महिला सुरक्षा के लिए सड़कों पर उतरी बरेली पुलिस
रिपोर्ट/राजेश सिंह
बरेली।महिला सुरक्षा और सम्मान को लेकर बरेली पुलिस ने मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के तहत जागरूकता रैली निकालकर शहर को मजबूत संदेश दिया। खाकी वर्दी में महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी ने लोगों में सुरक्षा और आत्मविश्वास का माहौल पैदा किया, वहीं अपराधियों को भी सख्त चेतावनी दी गई कि महिलाओं के खिलाफ अपराध किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
रैली की शुरुआत पुलिस लाइन से हुई, जहां से वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना किया। इसके बाद रैली शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों से होकर गुजरी। रास्ते में महिला पुलिसकर्मियों ने लोगों को महिला सुरक्षा, हेल्पलाइन नंबरों और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया।
रैली के दौरान महिला पुलिसकर्मियों का उत्साह देखने लायक था। उन्होंने नारी सम्मान और सुरक्षा से जुड़े संदेशों के साथ लोगों को जागरूक किया। कई स्थानों पर स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों ने भी रैली में शामिल होकर महिला सशक्तिकरण का समर्थन किया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित माहौल देना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और समाज में अपराध के खिलाफ मजबूत माहौल तैयार करना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि महिलाओं के खिलाफ किसी भी तरह की घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


