Home Uttarakhand रामपुर रोड की बदहाल सड़क को लेकर फूटा लोगों का गुस्सा, जल...

रामपुर रोड की बदहाल सड़क को लेकर फूटा लोगों का गुस्सा, जल निगम और ठेकेदारों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

0

रामपुर रोड की बदहाल सड़क को लेकर फूटा लोगों का गुस्सा, जल निगम और ठेकेदारों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

रिपोर्ट हरीश भाकुनी 

हल्द्वानी। रामपुर रोड पर पिछले दो माह से चल रहे पेयजल पाइपलाइन बिछाने के कार्य के बाद सड़क की मरम्मत न होने से स्थानीय लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी को लेकर समाजसेवी विशाल वर्मा और पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने जल निगम, प्रशासन और संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर शीघ्र सड़क दुरुस्तीकरण की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान अंजलि वर्मा ने कहा कि रामपुर रोड पर जल निगम द्वारा पाइपलाइन डालने के लिए सड़क खोदी गई थी। पानी की टंकी से लेकर गली नंबर-9 तक पाइपलाइन का कार्य काफी पहले पूरा हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद सड़क को गड्ढामुक्त नहीं किया गया। इससे रोजाना दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि सड़क पर उड़ रही धूल और मिट्टी के कारण क्षेत्र की महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। वहीं पर्यटकों और स्थानीय लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है, जिससे उनकी दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो रही है।

समाजसेवी विशाल वर्मा ने आरोप लगाया कि जल निगम और ठेकेदारों की लापरवाही के कारण रामपुर रोड की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। मुख्य मार्ग पर कई स्थानों पर गहरे और जानलेवा गड्ढे बने हुए हैं, जिनकी वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभागों की होगी।

प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि रामपुर रोड शहर का प्रमुख मार्ग है, जहां से मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी नियमित रूप से गुजरते हैं। इसके बावजूद सड़क की बदहाल स्थिति पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल गड्ढे भरवाने और सड़क को पूरी तरह दुरुस्त कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र की माताएं, बहनें, बुजुर्ग और युवा मिलकर व्यापक आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

प्रदर्शन में विशाल वर्मा, अंजलि वर्मा, शिवम वर्मा, संजीव, अतुल राजपाल, वीरेंद्र जोशी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version