Home Bareilly वक्फ कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जे का आरोप, पुलिस सिपाही पर धमकाने...

वक्फ कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जे का आरोप, पुलिस सिपाही पर धमकाने के गंभीर आरोप

0

वक्फ कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जे का आरोप, पुलिस सिपाही पर धमकाने के गंभीर आरोप

कुहाड़ापीर कब्रिस्तान विवाद ने पकड़ा तूल, मुतावल्ली बोले- पुलिसकर्मी ने जेल भेजने की दी धमकी

रिपोर्ट राजेश सिंह 

बरेली, 11 मई 2026: बरेली के कुहाड़ापीर क्षेत्र में वक्फ कब्रिस्तान की जमीन पर कथित अवैध कब्जे और दुकान निर्माण को लेकर नया विवाद सामने आया है। कब्रिस्तान के मुतावल्ली मोहम्मद समीर और मोहम्मद आलम ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र देकर जमीन की सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले में एक पुलिस सिपाही पर भी धमकाने और कब्जा कराने में मदद करने के आरोप लगाए गए हैं।

वक्फ बोर्ड में दर्ज है जमीन, रोड चौड़ीकरण के बीच बढ़ा विवाद

मुतावल्ली द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मोहल्ला बानखाना स्थित खसरा नंबर 512 की जमीन उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड में वक्फ संख्या 522 के रूप में दर्ज है। इसी क्षेत्र में इन दिनों सीएन ग्रिट्स फेज-2 परियोजना के तहत सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है।

बताया गया कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान नगर निगम ने सड़क किनारे बनी कई दुकानों को अतिक्रमण हटाने के नोटिस जारी किए थे। आरोप है कि कुछ दुकानदार अब अपनी दुकानें पीछे खिसकाकर कब्रिस्तान की जमीन पर निर्माण करने की कोशिश कर रहे हैं।

कब्रों और मजारों को नुकसान पहुंचने की आशंका

मुतावल्ली का कहना है कि विवादित हिस्से में पुरानी कच्ची-पक्की कब्रें और मजारें मौजूद हैं। आरोप लगाया गया है कि कब्रिस्तान से सटी बिरयानी की दुकान से हड्डियां और अन्य कचरा फेंका जा रहा है, जिससे धार्मिक स्थल की पवित्रता प्रभावित हो रही है और कब्रों को नुकसान पहुंचने का खतरा पैदा हो गया है। स्थानीय लोगों को भी इससे परेशानी होने की बात कही गई है।

सिपाही विनय पंवार पर धमकी देने का आरोप

शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि 28 अप्रैल 2026 को कुछ लोग पुलिस के साथ कब्रिस्तान पहुंचे और वहां मौजूद लोगों को धमकाने लगे। वहीं 10 मई की दोपहर करीब तीन बजे एक पुलिस सिपाही कब्रिस्तान पहुंचा और ईंटें न हटाने पर जेल भेजने की धमकी दी।

मुतावल्ली ने आरोप लगाया कि संबंधित सिपाही विनय पंवार ने दबाव बनाते हुए कब्जाधारियों का पक्ष लिया। उन्होंने दावा किया कि पूरे घटनाक्रम की वीडियो फुटेज और फोटो उनके पास मौजूद हैं, जिन्हें जांच में प्रस्तुत किया जा सकता है।

एसएसपी से कार्रवाई की मांग, जांच की बात

मुतावल्ली ने मामले में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री को भी प्रार्थना पत्र भेजा जा चुका है।

वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है। वक्फ बोर्ड के रिकॉर्ड, भूमि संबंधी दस्तावेज और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version