वर्दी का झांसा देकर शादी, दहेज ऐंठा; फर्जी दरोगा प्रदीप यादव गिरफ्तार
रिपोर्ट/राजेश सिंह
आजमगढ़ में फर्जी दरोगा बनकर लोगों को ठगने वाले प्रदीप यादव का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने पुलिस की वर्दी पहनकर गांव में रौब झाड़ा और खुद को दरोगा बताकर एक बिजनेसमैन को झांसे में ले लिया। भरोसा इतना जमाया कि बिजनेसमैन ने अपनी बेटी काजल यादव की शादी उससे कर दी और दहेज में करीब 30–40 लाख रुपये खर्च कर दिए।
ठगी का भंडाफोड़ तब हुआ, जब एक दिन काजल का भाई बिना बताए जीजा को जन्मदिन की बधाई देने उनके बताए थाने पहुंच गया। थाने में जाकर जब उसने सीना ठोककर कहा कि “हमें दरोगा प्रदीप यादव से मिलना है, वे हमारे जीजा हैं,” तो थाना प्रभारी हंस पड़े और बोले—“इस थाने में इस नाम का कोई दरोगा नहीं है।”
संदेह गहराया तो साले ने जीजा को फोन किया। जीजा ने दावा किया कि वह थाने में ही है। साले ने थाना प्रभारी से बात कराने को कहा। थाना प्रभारी की आवाज सुनते ही फर्जी दरोगा ने फोन काट दिया और फिर कई दिनों तक मोबाइल बंद रखा। जब साले ने आरोपी की फोटो थाना प्रभारी को दिखाई, तो उन्होंने तुरंत पहचान लिया—बताया कि यह व्यक्ति इलाके का कुख्यात ठग प्रदीप यादव है।
इसके बाद पीड़ित परिवार ने आजमगढ़ में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मोबाइल नंबर ट्रैक कर आरोपी को दबोच लिया। अब उस पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है।
पुलिस की अपील:
सतर्क रहें, अलर्ट रहें 🚨
माता-पिता से अपील है कि बेटी के लिए रिश्ता तय करते समय यदि लड़का पुलिस/दरोगा होने का दावा करे, तो उसकी पोस्टिंग और पहचान की पुष्टि संबंधित थाने में जाकर अवश्य करें, ताकि ऐसे ठगों से बचा जा सके।


