वेब सीरीज़ ‘घूसखोर पंडित’ पर लखनऊ पुलिस का एक्शन, डायरेक्टर और टीम पर FIR दर्ज
रिपोर्ट/सत्य प्रकाश
लखनऊ।सोशल मीडिया और OTT प्लेटफॉर्म पर प्रसारित वेब सीरीज़ ‘घूसखोर पंडित’ (Ghooskhore Pandit) को लेकर लखनऊ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने और धार्मिक/जातिगत भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में हजरतगंज थाना पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए वेब सीरीज़ के डायरेक्टर व उनकी टीम के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में समाज में सौहार्द बिगाड़ने और वैमनस्य फैलाने वाले किसी भी प्रयास के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोशल मीडिया एवं OTT प्लेटफॉर्म (Netflix) पर प्रसारित उक्त वेब सीरीज़ का शीर्षक और कथानक एक विशेष समुदाय/जाति (ब्राह्मण समाज) को लक्षित कर अपमानित करने की मंशा से तैयार किया गया है।
मुख्य बिंदु:
जातिगत अपमान का आरोप: वेब सीरीज़ के नाम और कंटेंट को एक विशेष जाति को बदनाम करने वाला बताया गया।
सामाजिक आक्रोश: ब्राह्मण समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों में भारी रोष, विरोध प्रदर्शन की चेतावनी भी दी गई।
शांति भंग की आशंका: पुलिस का मानना है कि कंटेंट से समाज में वैमनस्य फैलाने और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
कानूनी कार्रवाई:
हजरतगंज थाना पुलिस ने उपलब्ध तथ्यों और संवेदनशील परिस्थितियों को देखते हुए फिल्म/वेब सीरीज़ के डायरेक्टर एवं उनकी टीम के खिलाफ सुसंगत धाराओं में FIR दर्ज कर ली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई और विस्तृत विवेचना जारी है।
लखनऊ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी समुदाय की धार्मिक या सामाजिक भावनाओं को आहत करने वाले तत्वों के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।


